Uttar Pradesh

CM योगी का दावा, यूपी के 50% से ज्यादा स्टार्टअप्स का नेतृत्व कर रहीं महिलाएं

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर उन्होंने महिला सशक्तीकरण को लेकर अपनी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा दे रही है, उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के 50 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश को उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बनाने के साथ महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए काम किया है, उन्होंने कहा कि सरकार ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की भावना को आत्मसात करके आगे बढ़ रही है.

महिला कार्यबल की भागीदारी 36 प्रतिशत से अधिक

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले जिन बेटियों के लिए घर की चौखट पार करना चुनौती थी, वे आज नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति दे रही हैं. उनके मुताबिक, प्रदेश के 50 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं, उन्होंने यह भी दावा किया कि महिला कार्यबल की भागीदारी 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गई है. इसे उन्होंने महिलाओं के बढ़ते विश्वास और रोजगार के अवसरों का प्रमाण बताया.

महिलाओं के लिए योजनाओं का किया उल्लेख

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की योजनाएं माताओं के स्वास्थ्य से लेकर बेटियों के भविष्य तक को मजबूत बनाने का काम कर रही हैं. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान से माताओं एवं शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण को सहायता मिली है. वहीं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं.

विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य पर जोर

मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति, ऑपरेशन कायाकल्प, कस्तूरबा बालिका विद्यालय, सेफ सिटी, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर वर्किंग वुमन हॉस्टल का भी उल्लेख किया, उन्होंने कहा कि ये पहलें महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, आवागमन और आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खोल रही हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश’ के माध्यम से सरकार ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है, उन्होंने नारी सम्मान और सशक्तीकरण को प्रदेश के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया.

ये भी पढ़ें- कांगो नदी में दो नावों की भीषण टक्कर, 30 की मौत, दर्जनों अब भी लापता

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button