राष्ट्रीय

पहलगाम हमले के संदिग्ध LeT आतंकी हाशिम मूसा को सुरक्षाबलों ने किया ढेर

Budgam Encounter : जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. यूसमर्ग इलाके में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकी मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा को मार गिराया गया.

सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के बाद आतंकी का शव बरामद किया है. मौके से युद्ध जैसी सामग्री भी बरामद की गई है. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, हाशिम मूसा को साल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के प्रमुख संदिग्धों में शामिल किया गया था. इस हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी.

चिनार कोर ने की आतंकी के मारे जाने की पुष्टि

श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने हाशिम मूसा के मारे जाने की पुष्टि की है. चिनार कोर के मुताबिक, बुधवार सुबह पालमेदान इलाके में विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर तलाशी अभियान शुरू किया गया था. तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को आतंकी की मौजूदगी के संकेत मिले. इसके बाद कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की गई.

ऑपरेशन कोराग के दौरान हुई मुठभेड़

सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने यूसमर्ग इलाके में ‘ऑपरेशन कोराग’ शुरू किया था. अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं. सुरक्षाबलों ने जब संदिग्धों को चुनौती दी तो आतंकियों की ओर से गोलीबारी शुरू कर दी गई. इसके बाद दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में हाशिम मूसा मारा गया.

इलाके में तलाशी अभियान जारी

सुरक्षा बलों ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है. जवान आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी का पता लगाया जा सके. इसके अलावा इलाके में अतिरिक्त हथियारों और अन्य संदिग्ध सामग्री की बरामदगी के लिए भी जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें- UPITS 2026 में ₹6,500 करोड़ के 4,400 एमओयू, ₹15,500 करोड़ के कारोबार का अनुमान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button