Delhi NCR

बारिश और तेज हवाओं के बाद बदला मौसम, 21°C पर पहुंचा पारा, सितंबर में बना दूसरा सबसे ठंडा रिकॉर्ड

Delhi Weather : राजधानी दिल्ली में मौसम ने रविवार को नया रिकॉर्ड बना दिया. सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, साल 2001 के बाद सितंबर महीने में यह दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान है. इससे पहले 6 सितंबर 2008 को 20.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था, जो अब तक सितंबर का सबसे कम न्यूनतम तापमान है.

मौसम में यह बदलाव शनिवार को हुई बारिश और तेज हवाओं के बाद देखने को मिला. भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में बारिश के तीन से चार दौर दर्ज किए गए. इस दौरान पूरे दिन 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं. सफदरजंग में कुल 4.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.

बारिश के असर से रविवार सुबह तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटे में 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे आया और सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा.

अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे

रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा. पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में भी 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई.

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं और बारिश के बाद आसमान साफ होने से रात के तापमान में कमी आई है. मानसून की विदाई से पहले आई यह ठंडक अक्तूबर की गुलाबी ठंड का संकेत दे रही है.

सोमवार को बादल छाए रहने के आसार

रविवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही और शाम को हुई हल्की बारिश ने मौसम को और सुहावना बना दिया. मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है.

अगले दो दिनों में राजधानी का न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

ये भी पढ़ें- योगी सरकार में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार, 1548 करोड़ रुपये से 8,397 परियोजनाएं ला रहीं बदलाव

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button