Nepal News : नेपाल के न्यायिक क्षेत्र में रविवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश चोलेन्द्र शमशेर जंग बहादुर राणा को पुलिस ने उनके आवास से हिरासत में ले लिया. काठमांडू क्राइम ब्रांच की टीम सुबह महाराजगंज स्थित उनके घर पहुंची और उन्हें अपने साथ ले गई.
पुलिस के मुताबिक, पूर्व चीफ जस्टिस राणा के खिलाफ काठमांडू क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज की गई थी. इसी शिकायत के आधार पर उन्हें जांच के लिए हिरासत में लिया गया है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि शिकायत में कौन से आरोप लगाए गए हैं और कार्रवाई का तत्काल आधार क्या है.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
वहीं, काठमांडू क्राइम ब्रांच के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है. जांच आगे बढ़ने के बाद ही शिकायत और आरोपों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है. पूर्व चीफ जस्टिस राणा इससे पहले भी नेपाल की न्यायपालिका से जुड़े कई विवादों के कारण चर्चा में रहे हैं.
महाभियोग के बाद पद से हुए थे निलंबित
चोलेन्द्र शमशेर राणा ने 2 जनवरी 2019 को नेपाल के सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पद संभाला था. इसके बाद 13 फरवरी 2022 को संसद में उनके खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू की गई थी
संवैधानिक प्रावधानों के तहत महाभियोग प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही वह पद से निलंबित हो गए थे. लंबे समय तक यह मामला न्यायिक और राजनीतिक चर्चा का विषय बना रहा. हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने महाभियोग प्रक्रिया पूरी नहीं होने के आधार पर उनके पक्ष में पेंशन और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली अन्य सुविधाएं जारी करने का आदेश दिया था.
ओली सरकार के फैसले से जुड़ा रहा कार्यकाल
चोलेन्द्र शमशेर राणा के कार्यकाल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार से जुड़े मामले से भी जुड़ा रहा.ओली सरकार के संसद भंग करने के फैसले को राणा की अध्यक्षता वाली संवैधानिक पीठ ने खारिज कर दिया था. इस फैसले में नेपाली कांग्रेस और माओवादी गठबंधन के नेता शेर बहादुर देउवा को प्रधानमंत्री नियुक्त करने का आदेश दिया गया था.
नेपाल की राजनीति में इस फैसले का बड़ा असर देखने को मिला था. अब पूर्व मुख्य न्यायाधीश राणा की हिरासत के बाद एक बार फिर उनका नाम चर्चा में आ गया है.
ये भी पढ़ें- Trade Show 2026 : जेन अल्फा के हाथों में ‘दुनिया की कमान’, ट्रेड शो में बच्चों ने संभाला ग्लोबल लीडर्स का रोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









