Uttar Pradesh

ऊंचाहार में शिव महापुराण कथा में पहुंचे CM योगी, बोले- सनातन की पताका ऊंची रहेगी

CM Yogi : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की धरती पर जब तक पावन कथाओं और सनातन परंपराओं का प्रवाह जारी रहेगा, तब तक सनातन की ध्वजा झुकने नहीं पाएगी, उन्होंने कहा कि “सनातन की पताका ऊंची रहेगी तो भारत का कोई बाल बांका नहीं कर पाएगा.” मुख्यमंत्री रविवार को ऊंचाहार में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन शामिल हुए और कथा का श्रवण किया.

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भगवान शिव के प्रति आस्था देश को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से जोड़ती है. हिमालय से रामेश्वरम तक मौजूद ज्योतिर्लिंग भारत की एकात्मकता का संदेश देते हैं, उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में लोगों का खान-पान, पहनावा और रहन-सहन भले अलग हो, लेकिन शिव भक्ति का भाव समान है.

शंखनाद और डमरू की ध्वनि से हुआ स्वागत

कथा स्थल पर पहुंचने पर वेदपाठी बटुकों ने शंखनाद और डमरू की मंगल ध्वनि के बीच मुख्यमंत्री का स्वागत किया. खाद्य, रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री और ऊंचाहार विधायक मनोज पांडेय ने उन्हें शॉल, श्रीफल और गंगाजल से भरा कलश भेंटकर अभिनंदन किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने व्यासपीठ को नमन कर कथा व्यास पंडित प्रदीप मिश्रा का स्वागत किया.

धर्म समाज की जीवन शक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म ने धर्म को केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे समाज की जीवन शक्ति, व्यक्ति के कर्तव्य और राष्ट्र की प्रेरक शक्ति माना है, उन्होंने भगवान शिव को लोकमंगल का देवता बताते हुए कहा कि वे समाज के विकारों को दूर कर कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं.

तुलसीदास का किया उल्लेख

योगी आदित्यनाथ ने गोस्वामी तुलसीदास का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने रामकथा के जरिए कठिन दौर में समाज को जोड़ने और उसकी चेतना जगाने का काम किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यासपीठों ने हर दौर में समाज को दिशा देने और राष्ट्र की चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत का जिक्र करते हुए अयोध्या को मर्यादा, काशी को चेतना, मथुरा-वृंदावन को भक्ति और प्रयागराज को समरसता का केंद्र बताया, उन्होंने कथा आयोजन के लिए मंत्री मनोज पांडेय और उनके परिवार का आभार जताया और कहा कि ऊंचाहार में विरासत और विकास की यात्रा साथ-साथ आगे बढ़ रही है. अंत में उन्होंने ‘नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया.

ये भी पढ़ें- BRICS देशों में यूपी का दबदबा! योगी सरकार की नीतियों से ₹47,484 करोड़ का निर्यात

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button