UP News : उत्तर प्रदेश के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब पढ़ाई के साथ रोजगार से जुड़े हुनर सीखने का मौका मिलेगा. योगी सरकार की पहल के तहत ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के जरिए बांदा मंडल के सात आवासीय सर्वोदय विद्यालयों में 5,123 विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण देने की तैयारी पूरी कर ली गई है. उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना की रूपरेखा तैयार की है.
बांदा मंडल में समाज कल्याण विभाग के सात जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं. इनमें बांदा के दो, चित्रकूट के तीन तथा हमीरपुर और महोबा का एक-एक विद्यालय शामिल है. इन स्कूलों में मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अनुसूचित जाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा दी जाती है. अब कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को नियमित पढ़ाई के साथ कौशल प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.
रुचि के मुताबिक ट्रेड, प्रैक्टिकल पर जोर
विद्यार्थियों की रुचि और उपलब्ध ट्रेड के आधार पर प्रशिक्षण दिया जाएगा. तीन से छह महीने के सर्टिफिकेट कोर्स में अपैरल, आईटी-आईटीईएस, रिटेल मैनेजमेंट, ब्यूटी एंड वेलनेस, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्र शामिल होंगे. सप्ताह में दो दिन प्रैक्टिकल क्लास कराई जाएगी, ताकि विद्यार्थी प्रशिक्षण को सिर्फ किताबों तक सीमित न रखें.
विद्यालय में ही होगी ट्रेनिंग
प्रशिक्षण के लिए छात्रों को विद्यालय से बाहर नहीं जाना होगा. स्कूल परिसर में ही प्रशिक्षकों की तैनाती की जाएगी. योजना का पूरा खर्च सरकार उठाएगी. प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों का मूल्यांकन होगा और सफल छात्रों को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन तथा एनएसडीसी का संयुक्त प्रमाणपत्र दिया जाएगा, जो देशभर में मान्य होगा.
रोजगार और स्वरोजगार की राह होगी आसान
योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की रोजगार जरूरतों के लिए तैयार करना है. प्रशिक्षण के बाद छात्र नौकरी के साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगे. जल्द ही विद्यालयवार पंजीकरण शुरू होगा और विद्यार्थियों की रुचि के अनुसार ट्रेड तय किए जाएंगे. प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उपस्थिति की निगरानी के लिए प्रत्येक विद्यालय में नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- BRICS देशों में यूपी का दबदबा! योगी सरकार की नीतियों से ₹47,484 करोड़ का निर्यात
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









