Sagar Liquor Case : मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। मृतकों में पिता-पुत्र समेत कई लोग शामिल हैं। वहीं, 112 लोगों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें सागर और भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इलाज के दौरान कई लोगों ने तोड़ा दम
जहरीली शराब पीने के बाद लगातार मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई थी। सोमवार को महेश रावत, श्याम बाई अहिरवार और कृष्ण कुमार लोधी समेत कई लोगों की मौत हो गई। इससे पहले भोपाल लाए गए राम प्रसाद लोधी और उनके पिता गोविंद लोधी की भी मौत हो चुकी थी। राम प्रसाद का भाई अभी अस्पताल में भर्ती है।
अवैध शराब बिक्री के आरोप, 30 लोगों पर FIR
मामले में पुलिस ने शराब बेचने वाले ठेकेदार समेत करीब 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
सस्ती शराब बेचने का सामने आया मामला
FIR में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इलाके में कई लोग अवैध रूप से शराब बेच रहे थे। जांच में सामने आया कि कुछ लोगों ने कथित तौर पर सस्ती कीमत पर देशी शराब उपलब्ध कराई थी। शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई।
बड़े नेटवर्क पर पुलिस की नजर
पुलिस ने लाइसेंसी शराब ठेकेदारों और अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जहरीली शराब की सप्लाई से जुड़े सभी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- यूपी में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 2.10 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









