Delhi NCRबड़ी ख़बरराजनीति

E20 मुद्दे पर केजरीवाल का नया अभियान, दिल्ली में करेंगे ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’

Arvind Kejriwal : आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण (E20) के मुद्दे को एक बार फिर उठाया है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में समाधान निकालने की अपील की है। केजरीवाल ने कहा कि E20 को लेकर लोगों की परेशानियों को सामने लाने के लिए दिल्ली में एक टाउनहॉल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को बताया युवाओं की जीत

केजरीवाल ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को देश के युवाओं और लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने कहा कि जब युवाओं ने एकजुट होकर अपनी आवाज उठाई तो सरकार को कदम उठाना पड़ा। अब E20 के मुद्दे पर भी लोगों को एक साथ आकर अपनी बात रखने की जरूरत है।

शनिवार को होगा नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’

AAP नेता ने बताया कि शनिवार को दिल्ली में ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में E20 नीति से प्रभावित लोगों, विशेषज्ञों और इस विषय में रुचि रखने वाले लोगों को अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से भी लोग जुड़ सकेंगे।

प्रधानमंत्री से की E20 पर समाधान की अपील

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि E20 मुद्दे का भी समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोग इस नीति से परेशान हैं और कई वाहन मालिक गाड़ियों में आ रही समस्याओं को लेकर चिंता जता रहे हैं।

दिल्ली और बाहर के लोगों से जुड़ने की अपील

केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली और आसपास के शहरों से आने वाले लोग कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में पहुंचकर कार्यक्रम में हिस्सा ले सकते हैं। वहीं, जो लोग दिल्ली से बाहर हैं, वे ऑनलाइन जुड़ सकते हैं। उन्होंने लोगों से डिजिटल माध्यम से भागीदारी करने की अपील की।

पीड़ितों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने की तैयारी

AAP संयोजक ने कहा कि टाउनहॉल के जरिए E20 नीति से जुड़े विशेषज्ञों और उन लोगों को एक मंच पर लाया जाएगा, जो इस मुद्दे से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों की बात सुनने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी, ताकि सरकार तक लोगों की चिंताएं पहुंचाई जा सकें।

E20 नीति को लेकर जारी है राजनीतिक बहस

E20 को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस तेज हो गई है। केजरीवाल लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं और सरकार से नीति पर पुनर्विचार की मांग कर रहे हैं। वहीं, इस मामले को लेकर आने वाले दिनों में सियासी गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है।

ये भी पढ़ें – AK-47 विवाद: राहुल गांधी और BJP आमने-सामने, बयान पर तेज हुई सियासत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button