Other Statesराष्ट्रीय

हिमाचल में लैंडस्लाइड से 13 की मौत, गाड़ी में सवार थे 15 लोग, गुजरात-UP समेत कई राज्यों में बाढ़ का कहर

Himachal Pradesh : देश के कई राज्यों में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं का असर देखने को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को उदयपुर-किलाड़ सड़क पर कडू नाला के पास भूस्खलन हुआ। इस हादसे की चपेट में एक टाटा सूमो टैक्सी आ गई। वाहन में 15 लोग सवार थे, जिनमें से 13 लोगों की मौत हो गई।

वहीं गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश से कई जिले बाढ़ की स्थिति से जूझ रहे हैं। वलसाड के उमरगाम तालुका में 16 घंटे के दौरान 43 इंच बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद निचले इलाकों में पानी भर गया। नवसारी में बाढ़ में फंसे लोगों को हेलिकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। अहमदाबाद और सूरत के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि वाव-थराद जिले के बाजार भी बाढ़ के पानी से प्रभावित हुए हैं।

फंसे लोगों को हेलिकॉप्टर से किया एयरलिफ्ट

गुजरात के नवसारी जिले में बाढ़ के कारण मेघर गांव जलमग्न हो गया। इंडियन कोस्ट गार्ड ने हेलिकॉप्टर के जरिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को एयरलिफ्ट किया। वहीं अहमदाबाद के अंबली सेंटोसा पार्क रिहायशी इलाके में पानी भरने से करीब 15 से 20 वाहन डूब गए। वाव-थराद जिले के लाटी बाजार क्षेत्र में भी बाढ़ का पानी दुकानों तक पहुंच गया। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

उत्तर प्रदेश में पिछले 10 दिनों से जारी बारिश के कारण गंगा, यमुना समेत करीब 10 नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। सीतापुर में कई इलाकों में पानी सड़कों तक पहुंच गया है, जिसके चलते ग्रामीणों को आने-जाने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।

करीब 4 इंच तक बारिश होने की संभावना

मध्य प्रदेश में भी मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को श्योपुर, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर और पन्ना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान करीब 4 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

9 जिलों में मौसम का यलो अलर्ट जारी

राजस्थान में भी भारी बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 9 जिलों में ऑरेंज और अन्य क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले गुरुवार को बाड़मेर, जालोर, सिरोही, उदयपुर, जैसलमेर, पाली और भीलवाड़ा समेत कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश का असर जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।

ये भी पढ़ें- पंजाब की महिलाओं को बड़ी सौगात, 1,149 करोड़ सीधे खातों में पहुंचे, जानिए DBT योजना का असर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button