Rajasthanराज्य

जयपुर के खो नागोरियान में पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 3 की मौत, कई झुलसे और फंसे

Jaipur News : राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो नागोरियान इलाके में मंगलवार दोपहर एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए. घायलों को तुरंत एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

जानकारी के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका. देखते ही देखते पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई और अंदर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

बारूद और पटाखों में धमाकों से हालात बिगड़े

बताया जा रहा है कि यह एक पटाखा निर्माण इकाई है, ऐसे में आग लगने के बाद अंदर रखे बारूद और तैयार पटाखों में कई धमाके भी हुए, जिससे हालात और ज्यादा गंभीर हो गए. लगातार हो रहे विस्फोटों और घने धुएं के कारण बचाव कार्य में शुरुआती दिक्कतें आईं और टीमों को परिसर के भीतर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.

आग लगते ही लोग भागे

वहीं, स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगते ही आसपास के लोग जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से फैक्ट्री की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया गया.

हादसे में 3 श्रमिकों की मौत

इस हादसे में 3 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. आग और मलबे की स्थिति को देखते हुए इलाके में दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देता रहा.

दमकल विभाग ने कई गाड़ियों की मदद से लंबे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया. फिलहाल प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें – अंधविश्वास के चलते भीड़ का खूनी तांडव, पत्नी को ‘डायन’ बताने पर बचाने आए पति की हत्या

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button