Punjab News : पंजाब में एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया गया है। राज्य स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC), एसएएस नगर ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से RDX आधारित IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किया गया है। यह IED पूरी तरह से तैयार हालत में था और इसका वजन लगभग 2.5 किलोग्राम बताया गया है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय की गई जब राज्य को सुरक्षित बनाने के अभियान के तहत यह सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों के पास से मिला विस्फोटक पूरी तरह असेंबल था और इस्तेमाल के लिए तैयार था। इस कार्रवाई से एसएएस नगर में किसी बड़े सार्वजनिक ढांचे को निशाना बनाने की साजिश को समय रहते रोक दिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमृतसर के गुजरपुरा निवासी मनी सिंह (32) और गिलवाली गेट निवासी अभिषेक कुमार (28) के रूप में हुई है।
डीजीपी ने बताया कि यह एक गंभीर खतरे को रोकने वाली कार्रवाई है, जिससे संभावित बड़े नुकसान को टाला गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क और इसके अन्य सहयोगियों का पता लगाया जा सके।
खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई
आईजीपी काउंटर इंटेलिजेंस आशीष चौधरी ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को मोहाली के वाईपीएस चौक के पास एक पार्क के सामने से गिरफ्तार किया। ये दोनों बस से अमृतसर से मोहाली आए थे और उनके पास विस्फोटक उपकरण था।
विदेश में बैठे हैंडलर से था संपर्क
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मनी सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए विदेश में बैठे एक हैंडलर से संपर्क किया था। बाद में उसने अपने साले अभिषेक कुमार को भी इस काम में शामिल किया। आर्थिक तंगी के कारण दोनों ने विदेश में बैठे हैंडलर के लिए काम करने पर सहमति जताई थी, जिसके बदले उन्हें पैसों का लालच दिया गया था।
BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में थाना SSOC SAS नगर में FIR नंबर 08, दिनांक 03.06.2026 दर्ज की है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 113(3) और 61(2) तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें- विजिलेंस ब्यूरो इन एक्शन मोड, 5000 रुपये रिश्वत लेते हुए एक प्राइवेट व्यक्ति गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









