Delhi NCRमौसम

दिल्ली में गर्मी का कहर जारी, अगले कुछ दिनों तक राहत के आसार कम

Weather Alert : राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का असर फिलहाल कम होता नजर नहीं आ रहा है। बुधवार को भी लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि दिन का तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात का तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रहेगा।

तेज हवाएं बढ़ाएंगी परेशानी

दिनभर आसमान साफ रहने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जबकि कुछ समय के लिए झोंके 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। गर्म हवाओं के कारण लोगों को बाहर निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

28 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 28 और 29 मई को आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

गरज-चमक और बारिश का अलर्ट

बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ जगहों पर यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी जा सकती है। मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

महीने के अंत में मिल सकती है राहत

30 और 31 मई के दौरान मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान घटकर 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच आ सकता है। बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

मंगलवार को गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड

मंगलवार को दिल्ली में गर्मी का प्रकोप चरम पर रहा। दिनभर तेज धूप और लू ने लोगों को परेशान किया। राजधानी के कई इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। लगातार 11वें दिन पारा 40 डिग्री से ऊपर बना रहा। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हवा की गुणवत्ता भी खराब

गर्मी के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर की हवा भी लोगों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। मंगलवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 252 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। एनसीआर में ग्रेटर नोएडा की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित रही, जहां AQI 332 रिकॉर्ड हुआ। वहीं गाजियाबाद में 297, नोएडा में 244 और फरीदाबाद में 213 AQI दर्ज किया गया। गुरुग्राम की हवा सबसे बेहतर रही, जहां AQI 180 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।

ये भी पढ़ें – बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव, RJD से निष्कासित रितु जायसवाल BJP में शामिल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button