NEET Paper Leak : NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच अब अहम चरण में पहुंच गई है. जांच के दौरान यह खुलासा हुआ है कि पेपर लीक की पूरी साजिश कई महीने पहले ही तैयार कर ली गई थी. सूत्रों के मुताबिक, दीपावली के समय ही मुख्य आरोपियों को भरोसा दिला दिया गया था कि इस बार NEET का प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा.
इस पूरे मामले में CBI ने कार्रवाई करते हुए जयपुर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, हरियाणा का यश यादव और मांगीलाल का बेटा विकास शामिल हैं. बुधवार को सभी आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए दिल्ली भेज दिया गया.
सीकर बना पूरे पेपर लीक नेटवर्क का केंद्र
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का केंद्र राजस्थान का सीकर शहर था. बताया जा रहा है कि आरोपी यश यादव और विकास सीकर के एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते थे और वहीं से दोनों के बीच संपर्क बना.
पूछताछ में सामने आया है कि सबसे पहले पेपर महाराष्ट्र के अहिल्याबाई नगर निवासी धनंजय तक पहुंचा. इसके बाद धनंजय ने प्रश्नपत्र नासिक के शुभम खैरनार को दिया. शुभम से यह पेपर हरियाणा के यश यादव तक पहुंचा और फिर यश ने इसे सीकर और जयपुर में अपने संपर्कों मांगीलाल और दिनेश तक पहुंचाया.
दिनेश का बेटा ऋषि फिलहाल फरार
मामले में दिनेश का बेटा ऋषि फिलहाल फरार बताया जा रहा है. वहीं सीकर के राकेश मंडवरिया और जयपुर के एक अन्य आरोपी प्रजापत से भी लगातार पूछताछ की जारी है.
बुधवार को CBI की एक टीम ने सीकर पहुंचकर पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई. SOG द्वारा सौंपे गए करीब दो दर्जन छात्रों और अभिभावकों से भी पूछताछ की गई. इनमें से कुछ लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, लेकिन उन्हें शहर नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं.
जांच एजेंसियों को बड़े खुलासे की उम्मीद
वहीं, जांच एजेंसियों को आशंका है कि दिल्ली में होने वाली आगे की पूछताछ में कई बड़े और प्रभावशाली नामों का खुलासा हो सकता है. इस पूरे मामले ने एक बार फिर देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें- मोदी सरकार में चार बार नीट का पेपर लीक हो चुका है, लेकिन अब तक किसी को सजा नहीं मिली- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









