Other Statesबड़ी ख़बरराजनीति

‘पूरी मशीनरी का इस्तेमाल किया गया, जनता ने वोट से जवाब दिया’, मतदान के बाद ममता बनर्जी का आया पहला बयान  

Mamta Banerjee : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के मतदान हो चुके हैं और अब सबकी नजरें 4 मई पर टिकी हैं, जब वोटों की गिनती के साथ नतीजे सामने आएंगे। इस बार दो चरणों में हुए चुनाव में भारी मतदान दर्ज किया गया, जिससे राजनीतिक माहौल और भी गरमा गया है।

इसी बीच राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर जनता का आभार जताया और कई गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों, तेज गर्मी और दबाव के बावजूद लोगों ने लोकतंत्र में विश्वास रखते हुए बड़ी संख्या में मतदान किया।

ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं की तारीफ की

अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने बंगाल की जनता को प्रणाम, सलाम और शुभकामनाएं देकर की। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोगों ने लंबी कतारों में खड़े होकर वोट डाला, वह लोकतंत्र की ताकत को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने अपनी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने कठिन हालात में भी डटे रहकर काम किया।

ममता बनर्जी का जीत का बड़ा दावा

मुख्यमंत्री ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस बार उनकी पार्टी 226 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। हालांकि, चुनावी मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस समेत अन्य दल भी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार, केंद्रीय एजेंसियों और अन्य राज्यों के नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि “पूरी मशीनरी” का इस्तेमाल कर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की गई, लेकिन जनता ने अपने वोट से इसका जवाब दिया।

एग्जिट पोल पर भड़कीं सीएम ममता

इसके अलावा, उन्होंने कुछ मीडिया संस्थानों पर भी गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि एग्जिट पोल के जरिए माहौल प्रभावित करने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि ऐसा पहले भी 2016 और 2021 के चुनावों में देखा गया था। मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों को खास निर्देश देते हुए कहा कि मतगणना तक पूरी सतर्कता बनाए रखें। उन्होंने काउंटिंग सेंटर पर नजर रखने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की अपील की।

साथ ही, उन्होंने ईवीएम मशीनों को लेकर भी चिंता जताई और आशंका व्यक्त की कि उनके साथ छेड़छाड़ की कोशिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि मशीनों को स्टोर से काउंटिंग हॉल तक ले जाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 4 मई को जनता का फैसला किसके पक्ष में जाता है और किसकी दावेदारी सही साबित होती है।

ये भी पढ़ें : दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, तेज आधी पानी के साथ गिरे ओले

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button