West Bengal Elections 2026 : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 16 जिलों की 152 सीटों पर जारी है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इस चरण में करीब 3.60 करोड़ मतदाता 1452 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। यह चुनाव उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हो रहा है, जो चुनावी दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
अति-संवेदनशील बूथों पर निगरानी
चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की रिकॉर्ड 2450 कंपनियां तैनात की हैं। लगभग 2.5 लाख जवान संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर निगरानी रख रहे हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
दोनों राज्यों में नया रिकॉर्ड
पहले चरण में अब तक रिकॉर्ड वोटिंग देखी गई है। शाम 5 बजे तक राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर 89.93 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर वोटिंग हो रही है और वहां 82.24% वोटिंग हो चुकी है। दोनों राज्यों में यह अब तक की सबसे ज्यादा वोटिंग है।
झाड़ग्राम में 3 बजे तक 81.04%, कूचबिहार में 79.26%, मुर्शिदाबाद में 79.72%, बांकुरा में 79.88%, बीरभूम में 80.22%, और दार्जिलिंग में 76.54% वोटिंग हो चुकी थी।
मतदाताओं की संख्या में 12% की कमी
यह चुनाव मतदाता सूची के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) के बाद हो रहा है, जिससे राज्य में मतदाताओं की संख्या में करीब 12% की कमी आई है। इस बदलाव ने चुनावी समीकरणों को प्रभावित किया है। पहले चरण को लेकर सत्ताधारी TMC और BJP के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है।
बढ़त को मजबूत करने की कोशिश
2021 में इन 152 सीटों में से BJP ने 59 और TMC ने 93 सीटें जीती थीं। इस बार TMC के लिए उत्तर बंगाल में अपनी पकड़ बनाए रखना एक बड़ी चुनौती होगी, जबकि BJP इस क्षेत्र में अपनी बढ़त को मजबूत करने की कोशिश में है। पहले चरण की वोटिंग पर देशभर की नजरें टिकी हुई हैं।
ये भी पढ़ें- Kedarnath Yatra 2026 : यात्रा के दौरान पैक करें ये 5 जरूरी चीजें, सफर हो जाएगा आसान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









