Rajasthanराज्य

राजस्थान में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, पेड़ से फंदे पर लटके मिले प्रेमी युगल के शव

Lovers Suicide Case : गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के भोड़की गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के जोहड़े में एक प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके हुए पाए गए. घटना की जानकारी मिलते ही गुढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी. सुबह करीब 6 बजे ग्रामीण दिनेश कुमावत ने जोहड़े में यह दृश्य देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और युवती ने कीकर के पेड़ पर दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या की है. घटनास्थल के पास सल्फास की गोलियां भी पड़ी मिली हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने पहले जहर खाया और बाद में फांसी लगा ली. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.

हरियाणा का रहने वाला था युवक

पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान उसके आधार कार्ड से सुनील कुमार पुत्र जयबीर, निवासी भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई है. वहीं, युवती की पहचान इंदुबाला पुत्री महावीर प्रसाद, निवासी खींवासर गांव के रूप में हुई है. दोनों के शवों को गुढ़ागौड़जी सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है.

आर्मी में कार्यरत था युवक, छुट्टी पर आया था घर

मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि सुनील कुमार आर्मी में कार्यरत था और करीब एक सप्ताह पहले ही छुट्टी पर घर आया था. इस दौरान वह इंदुबाला से वीडियो कॉल पर संपर्क में था, जिसे उसकी पत्नी ने देख लिया था. इसके बाद परिवार में विवाद की स्थिति बन गई थी.

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ था संपर्क

जानकारी के अनुसार, दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. गुरुवार शाम करीब 5 बजे सुनील घर से निकला था, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया. परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे.

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन के आधार पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे. मौके से युवक की बाइक, हेलमेट, दो पानी की बोतल और सल्फास की डिब्बी भी बरामद हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- दोस्त से मिलने के लिए 12 किलोमीटर दौड़ी लड़की, धूल से हुआ बुरा हाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button