Faridabad Workers Protest : उत्तर प्रदेश के नोएडा में सैलरी बढ़ाने और कामकाजी हालात सुधारने की मांग को लेकर शुरू हुआ कर्मचारियों का विरोध अब तेजी से उग्र रूप लेता जा रहा है. सोमवार सुबह सेक्टर-62 में प्रदर्शन के दौरान स्थिति बेकाबू हो गई, जहां गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया. इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इस आंदोलन का असर अब हरियाणा के फरीदाबाद तक दिखाई दे रहा है. सेक्टर-37 में बड़ी संख्या में कामगार सड़कों पर उतर आए हैं. जानकारी के अनुसार, मदरसन कंपनी समेत कई अन्य कंपनियों के हजारों कर्मचारी कामकाज छोड़कर हड़ताल और प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं.
वेतन वृद्धि और बेहतर हालात की मांग
वहीं, प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से सैलरी बढ़ाने और कार्यस्थल की परिस्थितियों में सुधार की मांग कर रहे हैं. उनका आरोप है कि बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा वेतन में जीवन यापन करना बेहद मुश्किल हो गया है. साथ ही, कंपनी प्रबंधन और संबंधित विभागों पर उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप भी लगाया गया है.
प्रशासन सतर्क, हालात पर नजर
स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर तैनात है और हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित किया जाए, लेकिन फिलहाल कर्मचारियों का आक्रोश कम होता नजर नहीं आ रहा है.
आपकों बता दें कि यह आंदोलन पहले हरियाणा के गुरुग्राम स्थित IMT मानेसर औद्योगिक क्षेत्र से शुरू हुआ था, जहां हाल के दिनों में कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया था. उस दौरान स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी थी. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन हालात काबू से बाहर होने पर हल्का बल प्रयोग और लाठीचार्ज भी किया गया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया.
ये भी पढ़ें – भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार द्वारा ‘पुरस्कार नीति’ लागू, 28 सबसे वांछित अपराधियों की सूची जारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









