Behror Factory Fire : राजस्थान के बहरोड़ जिले के रीको औद्योगिक क्षेत्र में रविवार शाम एक कपड़ा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया और पूरी फैक्ट्री धू-धू कर जल उठी. आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दीं, जबकि काले धुएं के गुबार से पूरा इलाका दहशत में आ गया.
घटना की सूचना मिलते ही बहरोड़ दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. आग की गंभीरता को देखते हुए नीमराणा से अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन फैक्ट्री में मौजूद कपड़ा और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती रही.
कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया
सूचना पर बहरोड़ कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया गया. सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. हालांकि फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ होगा, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल राहत की बात यह है कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन नुकसान बड़ा बताया जा रहा है.
ये भी पढ़ें – भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार द्वारा ‘पुरस्कार नीति’ लागू, 28 सबसे वांछित अपराधियों की सूची जारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









