Madhya Pradeshराज्य

MSP पर 7 हजार से अधिक किसानों से 3.06 लाख क्विंटल गेहूँ खरीदी, 3171 केन्द्रों पर उपार्जन जारी

Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूँ की खरीदी जारी है. प्रशासन द्वारा स्थानीय खरीदी केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं. सीएम मोहन यादव ने कहा कि किसानों को खरीदी केन्द्रों पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उन्हें गेहूँ बेचने के लिये इंतजार न करना पड़े.

अब तक 7 हजार से अधिक किसानों से 3 लाख 6 हजार 190 क्विंटल गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है. दो दिन में किसानों के बैंक खातों में 6 करोड़ 37 लाख रुपए का भुगतान किया गया है. गेहूँ का उपार्जन इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में 9 अप्रैल से शुरू हो चुका है, जबकि शेष संभागों में 15 अप्रैल से शुरू किया जाएगा.

3171 उपार्जन केन्द्रों पर खरीदी जारी

अब तक 1 लाख 90 हजार 261 किसानों द्वारा 85 लाख 12 हजार 830 क्विंटल गेहूँ के विक्रय के लिये स्लॉट बुक किए जा चुके हैं. गेहूँ खरीदी के लिये 3171 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं और खरीदी कार्यालयीन दिवसों में की जा रही है.

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि जिन जिलों में गेहूँ उपार्जन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, वहाँ किसानों के लिये सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. उपार्जन केन्द्रों पर छायादार स्थान में बैठने, पेयजल, बारदाने, तौल कांटे, सिलाई मशीन, कंप्यूटर, इंटरनेट, गुणवत्ता परीक्षण उपकरण तथा उपज की साफ-सफाई के लिये पंखा और छनना आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

भंडारण और बारदानों की व्यवस्था पूरी

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस सहित 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूँ का उपार्जन किया जा रहा है. गेहूँ उपार्जन के लिये आवश्यक बारदानों की व्यवस्था की जा चुकी है. उपार्जित गेहूँ के भंडारण के लिये जूट बारदानों के साथ ही पीपी/एचडीपी बैग का उपयोग किया जा रहा है और पर्याप्त भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

78 लाख मीट्रिक टन उपार्जन का लक्ष्य

अब तक उपार्जित गेहूँ में से 1 लाख 5 हजार 260 क्विंटल गेहूँ का परिवहन किया जा चुका है. प्रदेश में इस वर्ष गेहूँ उपार्जन के लिये रिकॉर्ड 19 लाख 4 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3 लाख 60 हजार अधिक है। पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूँ का उपार्जन किया गया था.

इस वर्ष विपरीत परिस्थितियों के बावजूद किसानों के हित में सरकार द्वारा 78 लाख मीट्रिक टन गेहूँ उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है, जो पिछले वर्ष से एक लाख मीट्रिक टन अधिक है.

ये भी पढ़ें – भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार द्वारा ‘पुरस्कार नीति’ लागू, 28 सबसे वांछित अपराधियों की सूची जारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button