Hapur Road Accident : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के धौलाना इलाके में धौलाना-गुलावठी रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई एक बारात वापस लौट रही थी.
बताया जा रहा है कि बारातियों से भरी बस की आमने-सामने एक तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर ही कई लोगों ने दम तोड़ दिया. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज गति और गलत दिशा से आ रही गाड़ी को माना जा रहा है.
घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया. जिलाधिकारी अभिषेक पांडे, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद वे अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों के इलाज की व्यवस्था का निरीक्षण किया और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को एंबुलेंस की सहायता से आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार, हादसे में 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि घायलों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है. दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था, जिसे रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद बहाल कर दिया गया.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें – भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार द्वारा ‘पुरस्कार नीति’ लागू, 28 सबसे वांछित अपराधियों की सूची जारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









