Madhya Pradeshराज्य

परीक्षा के दौरान स्कूल में मधुमक्खियों का हमला, एक छात्र की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल

MP Bee Attack : मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हो गई. परीक्षा देने आए स्कूल के बच्चों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया. इस हमले में चौथी कक्षा का एक छात्र रमन सिंह कराड़ा की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य बच्चे घायल हो गए.

घटना स्वामी विवेकानंद प्राइवेट स्कूल, सोयतकला की है. स्कूल में प्राइमरी स्तर की परीक्षा चल रही थी. सुबह के समय अचानक स्कूल परिसर में लगे 20 साल पुराने मधुमक्खी के छत्ते से हजारों मधुमक्खियां निकल पड़ीं और बच्चों पर टूट पड़ीं. परीक्षा हॉल के आसपास बैठे बच्चे घबरा गए. अफरा-तफरी मच गई.

5 अन्य छात्र भी मधुमक्खियों के हमले में घायल

रमन सिंह कराड़ा खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मधुमक्खियों के झुंड ने उसे चारों तरफ से घेर लिया. मधुमक्खियों ने उसके शरीर पर पांच जगह डंक मारे. रमन बुरी तरह घायल हो गया. अन्य पांच छात्रों को भी मधुमक्खियों ने काटा. स्कूल स्टाफ और अन्य छात्रों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें सोयतकला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए.

डॉक्टरों ने रमन की हालत गंभीर देखते हुए उसे राजस्थान के झालावाड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान दोपहर में रमन की मौत हो गई. शेष पांच घायल बच्चों का इलाज स्थानीय अस्पताल में किया गया और बाद में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया

पैतृक गांव में किया गया अंतिम संस्कार

मृतक रमन शाजापुर जिले के बेरछा गांव का रहने वाला था. उसके पिता सज्जन सिंह कराड़ा किसान हैं और मां सोयतकला सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत हैं. परिवार का दुख देखते ही बनता है. शाम को रमन का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव बेरछा में किया गया. वहीं, स्कूल प्रशासन का कहना है कि पिछले 20 साल से स्कूल की दीवार और पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था. कभी कोई समस्या नहीं हुई थी, लेकिन शुक्रवार को अचानक यह हमला हो गया.

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन को समय-समय पर छत्ते हटवाने चाहिए थे. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. एसडीएम और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्कूल प्रशासन को मधुमक्खी के छत्ते तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही अन्य स्कूलों में भी ऐसे छत्तों की जांच करने को कहा गया है. यह घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है. अभिभावक अब स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.

ये भी पढ़ें – पंजाब के लिए बड़ी राहत: अनाज लिफ्टिंग बढ़ाने, फंड और किसानों के मुद्दों पर केंद्र से बनी सहमति

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button