Haryana News : हरियाणा के कैथल जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना का अंजाम भी उतना ही सनसनीखेज रहा. 11 वर्षीय मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या करने वाले आरोपी पिता गोवर्धन (निवासी जयपुर गदली, जींद) ने कैथल जेल में आत्महत्या कर ली. आरोपी ने न केवल अपनी संतान की हत्या की, बल्कि पुलिस को गुमराह करने के लिए ‘ब्लैक स्कॉर्पियो’ और लूट की फिल्मी कहानी भी रची थी, जिसे पुलिस ने अपनी सूझबूझ से उजागर किया.
आरोपी गोवर्धन अपनी बेटी को उसके ननिहाल ‘सीवन’ ले जाने के बहाने घर से निकला था. पूछताछ में सामने आया कि वह गांव से निकलते ही ऐसी जगह तलाश रहा था जहां वह वारदात को अंजाम दे सके. सफीदों और असंध को पार करने के बाद, प्योदा लिंक रोड पर सुनसान इलाका देखकर उसने मोटरसाइकिल नहर की पटरी पर मोड़ दी. वहां उसने मासूम का गला घोंटकर उसे मौत की नींद सुला दिया. पुलिस को उलझाने के लिए आरोपी ने खुद के कपड़े फाड़ लिए और घर से पैसे (12 हजार रुपये) कूड़े के ढेर में छिपाकर चला, ताकि लूट का नाटक रच सके.
पत्नी के चरित्र पर था शक
गोवर्धन ने पुलिस को बताया कि स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उसे पीटा और उसकी बेटी को अगवा कर लिया. लेकिन जांच के दौरान पुलिस के एक सवाल ने उसके झूठ को उजागर कर दिया. पुलिस ने पूछा, “अगर यह घटना रास्ते में हुई थी, तो तुम 20 किलोमीटर दूर ससुराल जाकर ही खबर क्यों दी?” यह सुनकर आरोपी हक्का-बक्का रह गया.
रिमांड में आरोपी ने कबूल किया पूरा जुर्म
सख्ती करने पर उसने कबूल किया कि उसे अपनी पत्नी पर शक था और वह अपनी बेटी को अपनी संतान नहीं मानता था. रिमांड के दौरान उसने अपना पूरा जुर्म और साजिश स्वीकार कर ली. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाए गए पैसे और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली.
रिमांड खत्म होने के बाद उसे जेल में भेजा गया, जहां उसने खुदकुशी कर ली.
ये भी पढ़ें- हरियाणा में दिनदहाड़े फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या, 14 राउंड फायरिंग से दहला इलाका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









