Ashok Gehlot Statement : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को राजस्थान के बालोतरा जिले का दौरा करेंगे. इस दौरान वे पचपदरा रिफाइनरी के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे. यह परियोजना पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और बाड़मेर-जैसलमेर क्षेत्र में इंडस्ट्रियल क्लस्टर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दौरे की जानकारी अपने एक्स अकाउंट पर साझा की. खबर के सार्वजनिक होते ही राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस परियोजना में हुई देरी और बढ़ती लागत को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा.
लागत बढ़कर 80 हजार करोड़ हुई
अशोक गहलोत ने कहा कि यह प्रोजेक्ट कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुआ था और उसे सात साल पहले पूरा हो जाना चाहिए था. गहलोत ने आरोप लगाया कि अब तक इस परियोजना की लागत 37 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 80 हजार करोड़ रुपये हो गई है. उनका मानना है कि इसका लाभ आम जनता और युवा उद्योगपतियों को मिलना चाहिए, और सरकार को स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर विकसित करने पर ध्यान देना चाहिए.
उद्घाटन खुशी की बात
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन का समाचार सुखद है, लेकिन बीजेपी सरकार की अदूरदर्शिता के कारण परियोजना में अतिरिक्त समय और लागत लगी. अब सरकार का ध्यान पेट्रोकेमिकल्स जोन के विकास और राजस्थान के व्यापारियों को प्राथमिकता देने पर होना चाहिए.”
इस परियोजना के उद्घाटन से पहले ही राज्य में राजनीतिक बहस छिड़ चुकी है और पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका लाभ व्यापक रूप से राज्य के लोगों और उद्योगपतियों तक पहुंचना चाहिए.
ये भी पढ़ें- हरियाणा में दिनदहाड़े फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या, 14 राउंड फायरिंग से दहला इलाका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









