
Rajasthan News : राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिला स्थित हरसौरा थाना क्षेत्र के दामोदर का बास गांव निवासी नायक गोवर्धन गुर्जर का सोमवार को ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
6 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई
मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे उनका पार्थिव शरीर हमीरपुर पहुंचा। पूरे सैन्य सम्मान के साथ लगभग 6 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
अंतिम संस्कार में परिवार और ग्रामीणों की भावपूर्ण श्रद्धांजलि
पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव ले जाने पर माहौल गमगीन हो गया। हर आंख नम थी और लोग “भारत माता की जय” और “गोवर्धन गुर्जर अमर रहें” के नारे लगा रहे थे। बड़े बेटे अंकित ने मुखाग्नि दी और पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
केवल 38 वर्ष की उम्र में निधन
गोवर्धन गुर्जर साल 2008 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में 2 गार्ड्स बटालियन हिसार में तैनात थे। उन्होंने हाल ही में एक महीने की सामान्य छुट्टी बिताई थी और शनिवार को ड्यूटी पर लौटे थे। लेकिन ड्यूटी पर लौटने के मात्र तीन दिन बाद उनका निधन हो गया, जिससे परिवार और गांव के लोग स्तब्ध हैं।
परिवार का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
पार्थिव शरीर को देखकर पत्नी कला देवी बेसुध हो गईं। बेटी मोना बार-बार “पापा” पुकार रही थी और कह रही थी, “आप ऐसे वापस आएंगे।” मां अणची देवी भी अपने बेटे के वियोग में बार-बार विलाप करती रहीं और कहती रहीं, “मेरा लाल मुझे छोड़कर कहां चला गया।”
ये भी पढ़ें – पंजाब पुलिस ने ‘गैंगस्टरों के खिलाफ जंग’ के तहत ऑपरेशन किए तेज़, बंदूकें, ग्रेनेड और ड्रोन बरामद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









