Jharkhand Weather : झारखंड में पिछले 24 घंटों में मौसम बदल गया और कई जगह तेज हवा के साथ बारिश हुई. शुक्रवार देर रात कई जिलों में अच्छी बारिश हुई, जिससे ठंडक बढ़ गई. संताल परगना के राजमहल में सबसे ज्यादा करीब 64 मिमी बारिश दर्ज की गई.
मौसम विभाग का कहना है कि 29 मार्च तक राज्य में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. कई जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि संताल परगना और कोल्हान क्षेत्र के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की भी चेतावनी दी गई है. पिछले 24 घंटों के दौरान रांची, जामताड़ा, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, लातेहार, सरायकेला-खरसावां, गुमला, गिरिडीह और गोड्डा समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश देखने को मिली. इस बदले हुए मौसम का असर तापमान पर भी पड़ा है.
2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज
वहीं, राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है. यहां अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री और न्यूनतम में करीब 1 डिग्री की कमी आई है. दूसरी ओर, मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कोल्हान क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, आने वाले 24 घंटों में भी झारखंड के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, उन्होंने बताया कि मौजूदा मौसम प्रणाली के तहत संताल और कोल्हान क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है.
कई दिन तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, पहले बांग्लादेश के आसपास सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब उत्तर की ओर खिसककर हिमालय के तराई क्षेत्रों के पास, पश्चिम बंगाल के आसपास केंद्रित हो गया है. इसके साथ ही ओडिशा के ऊपर एक और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से राज्य में अगले कुछ दिनों तक आंधी, गरज और बारिश का सिलसिला जारी रहने की सभावना हैं.
ये भी पढ़ें- New PAN Card Rules 2026 : PAN 2.0 के तहत नए दस्तावेज और नियम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









