Haryana News : हरियाणा के करनाल जिले के निसिंग इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति लंबे समय से खुद को केंद्र सरकार से जुड़ी एक कथित संस्था का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताकर लोगों को ठग रहा था. 26 मार्च को गांव ब्रास में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उसके तथाकथित VIP दौरे ने पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश कर दिया.
कार्यक्रम स्थल पर जब पुलिस सुरक्षा व्यवस्था देखने पहुंची तो वहां एक गाड़ी पर लगी लाल-नीली बत्ती, हूटर और कमांडो जैसी वर्दी में मौजूद गनमैन को देखकर अधिकारियों को शक हुआ. आमतौर पर ऐसी सुविधाएं केवल अधिकृत वीआईपी को ही मिलती हैं, इसलिए पुलिस ने मौके पर ही पूछताछ शुरू कर दी.
कई राज्यों में फैला ठगी का जाल
खुद को बड़े पद पर बताने वाला रिंकू सैनी पहले तो अपनी सुरक्षा को सरकारी बताते हुए बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन उसके साथ मौजूद गनमैन ने खुद को निजी सुरक्षाकर्मी बताया. इसके बाद मामला खुलता चला गया और पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया.
तफ्तीश में सामने आया कि बीबीपुर जाटान निवासी रिंकू सैनी पहले से ही कई राज्यों और जिलों में ठगी के मामलों में शामिल रहा है. अंबाला, कैथल, जींद और करनाल सहित कई जगहों पर उसके खिलाफ शिकायतें दर्ज हैं. यहां तक कि वह उड़ीसा में भी खुद को वीआईपी बताकर सरकारी एस्कॉर्ट हासिल करने की कोशिश कर चुका है. उसका तरीका लोगों पर रौब जमाना और भरोसा जीतकर उन्हें ठगना था.
गायक के नाम पर ठगी
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि उसने एक कार्यक्रम में मशहूर पंजाबी गायक के नाम पर टिकट बेचकर लोगों से पैसे ऐंठे और बाद में कार्यक्रम रद्द होने का बहाना बना लिया. इसी तरह समालखा में एक शोरूम उद्घाटन के दौरान भी उसने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को प्रभावित किया.
पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि जिस आयोग का वह अध्यक्ष होने का दावा करता था, उसका कोई आधिकारिक अस्तित्व ही नहीं है. इसी झूठ के सहारे वह नौकरी दिलाने, ट्रांसफर करवाने और विदेश भेजने के नाम पर लोगों से पैसे वसूलता था.
छापेमारी में फर्जी दस्तावेज बरामद
छापेमारी के दौरान उसकी गाड़ी से ट्रांसफर लेटर, नियुक्ति से जुड़े कागजात और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए, जिससे यह मामला एक संगठित ठगी नेटवर्क का हिस्सा प्रतीत हुआ. पुलिस ने मुख्य आरोपी रिंकू सैनी के अलावा उसके गनमैन महेंद्र (पानीपत) और ड्राइवर विकास (महेंद्रगढ़) को भी गिरफ्तार कर लिया है. गनमैन के पास मौजूद हथियार लाइसेंसी तो था, लेकिन उसमें बदलाव किए गए थे.
तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, रिंकू सैनी ने खुद पर लगे आरोपों को गलत बताते हुए कहा है कि उसे फंसाया जा रहा है और वह पहले भी कई मामलों में निर्दोष साबित हो चुका है. पुलिस फिलहाल इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और संभावना जताई जा रही है कि आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें- Gujarat Politics : भाजपा के दमन के खिलाफ ‘‘आप’’ के साथ पूरा गुजरात करने जा रहा बदलाव- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









