Rajasthan News : राजस्थान में आने वाले पंचायत और निकाय चुनावों के मद्देनजर राजस्थान कांग्रेस ने संगठन मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है. इसके तहत पार्टी पूरे प्रदेश में पहली बार ग्राम पंचायत और शहरी वार्ड स्तर पर कार्यकारी समितियां गठित करेगी. इसमें करीब 5 लाख पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी. बता दें कि पंचायतों के पुनर्गठन के बाद उनकी संख्या बढ़ी है, जिससे संगठन विस्तार का दायरा भी बढ़ गया है.
इस अभियान का उद्देश्य पार्टी विस्तार के साथ-साथ संगठन को मजबूत करना है, ताकि आने वाले पंचायत और निकाय चुनावों में पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ सके. इसके तहत राज्य की 14,726 ग्राम पंचायतों में 21 सदस्यीय समिति बनाई जाएगी, जिसमें एक अध्यक्ष भी होगा. इसी प्रकार, शहरी क्षेत्रों के 10,245 वार्डों में 21 सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा, प्रत्येक वार्ड में एक अध्यक्ष होगा. इस पूरे अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 3.23 लाख और शहरी क्षेत्रों से करीब 2.11 लाख पदाधिकारियों सहित कुल लगभग 5.35 लाख पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी.
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करना लक्ष्य
वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अनुसार, इस अभियान का लक्ष्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना है, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराए, उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों को 19 अप्रैल तक समितियों के गठन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है. इस दौरान डोटासरा ने पंचायत और निकाय चुनावों में हो रही देरी के लिए राज्य सरकार पर भी निशाना साधा और बताया कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव में उतरने के लिए तैयार है.
ये भी पढ़ें- Bank Holidays Alert : कल से 4 दिन के लिए बैंक बंद, डिटेल में पढ़ें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









