Haryana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 24वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भुवनेश्वर (ओडिशा) स्थित कलिंगा स्टेडियम में 17 से 21 मार्च तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा के पैरा खिलाड़ियों ने 95 पदक जीतकर पूरे देश में प्रदेश का मान बढ़ाया है. इस उपलब्धि में 39 स्वर्ण, 31 रजत और 25 कांस्य पदक शामिल हैं, जो खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और अदम्य साहस का प्रमाण है.
मुख्यमंत्री ने जताई प्रशंसा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह गौरवपूर्ण उपलब्धि न केवल खेल जगत में हरियाणा की अग्रणी पहचान को मजबूत करती है, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और क्षमता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करती है, उन्होंने सभी खिलाड़ियों, कोचों एवं सहयोगी स्टाफ को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए विशेष रूप से सराहा.
सरकार दे रही बेहतर सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सभी राज्यों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया. प्रदेश सरकार खेलों के विकास एवं खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है. विशेष रूप से पैरा खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रोत्साहन योजनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें.
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा के खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे.
ये भी पढ़ें – आप मुख्यालय पर हर्षोल्लास से मनाया गया सांसद संजय सिंह का जन्मदिन, कार्यकर्ताओं में ख़ुशी का माहौल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









