Madhya Pradeshराज्य

बजरंगगढ़ मेले में बड़ा हादसा, तेज हवा से उखड़ा झूला, मासूम गंभीर रूप से घायल

Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश के गुना जिले के बजरंगगढ़ कस्बे में स्थित माता 20 भुजा मंदिर परिसर में चैत्र नवरात्र के अवसर पर लगे मेले में रविवार को अचानक एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज हवा के झोंके के कारण मेले में लगा ‘मिकी माउस झूला’ उखड़कर दूर जा गिरा, जिसकी चपेट में एक वर्षीय बच्चा आ गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल बच्चे की हालत नाजुक

घायल बच्चे की पहचान आशुतोष शर्मा के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद परिजनों ने उसे गुना जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। बेहतर इलाज के लिए उसे भोपाल रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

दर्शन के लिए आया था परिवार

जानकारी के अनुसार, आशुतोष अपनी मां संगीता शर्मा के साथ अशोकनगर जिले के शाढौरा से ट्रेन के जरिए माता 20 भुजा मंदिर दर्शन के लिए आया था। पूजा-अर्चना के बाद परिवार मेले में घूम रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

झूले की जिद पड़ी भारी

बताया जा रहा है कि मेले में घूमते समय बच्चे ने झूले पर बैठने की जिद की। झूले में उस समय एक अन्य बच्चा भी मौजूद था, जो इस घटना में सुरक्षित बच गया। अचानक आए तेज हवा के झोंके ने झूले को असंतुलित कर दिया और वह उखड़ गया।

मौके पर मची अफरा-तफरी

घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

इस हादसे ने मेले में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आयोजकों को ऐसे झूलों की मजबूती और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बेहतर इंतजाम करने चाहिए थे, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

ये भी पढ़ें – जल्द जारी हो सकते हैं राजस्थान बोर्ड दसवीं के नतीजे, कॉपी जांच प्रक्रिया पूरी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button