Weather Update : देश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है. मौसम विभाग ने बताया है कि एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पूरे भारत के मौसम में बदलाव हो रहा है. वहीं, उत्तरी मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास हो रहा है, वहीं हिमालयी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. 17 फरवरी की सुबह जम्मू और कश्मीर (गुलमर्ग और सोनमर्ग) और लद्दाख के ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है.
मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले 2 से 3 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है. अगले 24 घंटों में उत्तरी इलाकों में भी धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा. दक्षिणी और तटीय भारत में 17 फरवरी से तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में गर्म मौसम की चेतावनी जारी की गई है.”
देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान
पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, सिक्किम, असम और मेघालय में 7-12°C तापमान दर्ज किया जा रहा है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ में 12-15°C के बीच तापमान दर्ज किया जा रहा है. भारत के मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम तापमान 6.6°C भटिंडा (पंजाब) में देखा गया.
जम्मू और कश्मीर और लद्दाख में बारिश-बर्फबारी
17 से 19 फरवरी को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से जम्मू और कश्मीर और लद्दाख में बारिश-बर्फबारी, जबकि 17 से 18 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं.
17 से 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, 18 फरवरी को मध्य प्रदेश में भी बारिश होने की संभावना है. वहीं 21 से 22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु, केरल और माहे में भारी बारिश हो सकती है.
अधिकतम 29°C, न्यूनतम सामान्य से ऊपर
राजधानी दिल्ली में आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमना 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं और हल्की हवाएं चलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें – फरीदाबाद की निजी कंपनी में बड़ा धमाका, फटे कई केमिकल ड्रम, 30 से अधिक कर्मचारी झुलसे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









