India-US Trade Deal : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए संसदीय दल की बैठक में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स (FTA) की महत्वता को बताया। उन्होंने कहा कि इन समझौतों से भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और देश की वैश्विक स्थिति सशक्त होगी। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने बैठक के बाद बताया कि अब तक भारत ने 39 देशों के साथ FTA किए हैं, जिसमें यूरोपीय संघ, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ब्रिटेन जैसे विकसित देश शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि एनडीए संसदीय दल की बैठक में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत किया गया। वहीं पीएम मोदी को माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
सरकार को डील की जानकारी देनी चाहिए
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कहा की सरकार को डील की डिटेल्स बतानी चाहिए। पारदर्शिता की मांग करते हुए थरूर ने कहा कि भारतीय सामानों पर टैरिफ घटाकर 18 परसेंट करना पॉजिटिव हो सकता है। अमेरिका में भारतीय सामान पर टैरिफ 18 परसेंट कम हो जाएगा, जबकि अमेरिका ने दावा किया है कि इस डील से उसे नई दिल्ली को ज़्यादा एग्रीकल्चरल प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट करने में मदद मिलेगी।
भारत में ज्यादा आएंगे अमेरिकी कृषि उत्पाद
थरूर ने किसानों को लेकर चिंता जताई। ट्रंप ने कहा है कि डील से अमेरिकी कृषि उत्पाद भारत में ज्यादा आएंगे। थरूर बोले, ट्रंप कह रहे हैं कि यह कृषि के लिए है, तो भारतीय किसानों की सुरक्षा क्या होगी? ट्रंप 500 अरब डॉलर का जिक्र कर रहे हैं। हमारा कुल इम्पोर्ट बिल 700 अरब डॉलर है, क्या हम हर दूसरे देश से खरीदना बंद कर देंगे?
लोगों को बताना चाहिए डील में क्या
इसपर थरूर ने कहा- विपक्ष सिर्फ क्लैरिटी मांग रहा है। हमें नहीं पता कि डील में क्या है। हमारे पास मिस्टर ट्रंप का ट्वीट और मिस्टर मोदी का ट्वीट है; क्या यह संसदीय लोकतंत्र में काफी है, क्या भारत सरकार को आकर देश के लोगों को यह नहीं बताना चाहिए कि डील में क्या है।
यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ हस्ताक्षर
बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट की प्रमुख विशेषताओं और टैरिफ कटौती पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारत की आर्थिक ताकत को वैश्विक स्तर पर पहचाना गया है, जिसका परिणाम है कि यूरोपीय संघ और अमेरिका जैसे बड़े साझेदार भारत के साथ समझौतों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। किरण रिजिजू ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस, पर व्यापार समझौतों पर सवाल उठाने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस तथ्यों के बिना भ्रम फैला रही है।
कांग्रेस पार्टी को लिया आड़े-हाथों
किरण रिजिजू ने कहा कि इन ऐतिहासिक समझौतों के चलते एनडीए सांसदों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी ने प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करते हुए उन्हें बधाई दी। किरण रिजिजू ने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दुर्भाग्यवश विपक्ष इन व्यापार समझौतों पर सवाल खड़े कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अधूरी जानकारी और गलत आंकड़ों के आधार पर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। रिजिजू ने कहा कि देश के हित में लिए गए फैसलों पर राजनीति करने के बजाय विपक्ष को जिम्मेदारी से तथ्यों के साथ बात करनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने WhatsApp को लगाई फटकार, कहा नहीं मानना तो चले जाओ…
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








