Uttar Pradesh

प्यार, शादी और फिर कत्ल…तीन महीने भी नहीं चला रिश्ता, पत्नी की हत्या कर पति फरार

Love Marriage Murder : सात जन्मों तक साथ निभाने के वादे और प्रेम विवाह की कसमें महज 3 महीने में ही झगड़ों और विवादों की भेंट चढ़ गईं. उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र स्थित रतनपुर रामगंगा एन्क्लेव में सोमवार रात ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. लव मैरिज के बाद खुशहाल जीवन के सपने देख रही नवविवाहिता की उसके ही पति ने हत्या कर दी.

पनकी क्षेत्र के रामगंगा एन्क्लेव के एक फ्लैट में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है, जो सोमवार देर शाम पुलिस के सायरन से टूटा. इस फ्लैट में शोएब खान उर्फ सौरभ अपनी पत्नी दीपिका सैनी के साथ रहता था. मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और समाज की परवाह न करते हुए उन्होंने अक्टूबर 2025 में लव मैरिज शादी की थी. शादी के शुरुआती कुछ दिनो तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन जल्द ही प्यार की जगह कलह ने ले ली. परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच झगड़े होने लगे थे.

शोएब ने दीपिका की हत्या कर दी

सोमवार की देर शाम हर दिन का झगड़ा एक खूनी अंजाम तक पहुंच गया. आरोप है कि शोएब ने दीपिका की हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया. जब घटना की भनक लगी और पुलिस टीम फ्लैट पर पहुंची, तो वहां दीपिका का शव पड़ा मिला. यह देखकर वहां मौजूद हर कोई दहल गया.

पति को लेकर एक बड़ा खुलासा किया

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी, एडीसीपी वेस्ट और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान डीसीपी ने आरोपी पति को लेकर एक बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया, कि आरोपी का मूल नाम सौरभ था, लेकिन उसका पालन-पोषण मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा किया गया था. इसी परवरिश की वजह से उसका नाम सौरभ से बदलकर शोएब खान रख दिया गया था. इसी दोहरी पहचान के साथ वह दीपिका के साथ रह रहा था.

परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने का काम पूरा कर लिया है. दीपिका के परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए. डीसीपी कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. वहीं, पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

ये भी पढ़ें- Budget 2026 : बजट में सिगरेट महंगी-बीड़ी सस्ती, ये है शराब का अपडेट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button