Delhi Weather Today : बीते दिन हुई बारिश के बाद और बर्फीली हवाओं ने दिल्ली-NCR के मौसम को अचानक ठंडा कर दिया है. आज (2 फरवरी) सुबह कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला, जबकि दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप खिलने की उम्मीद लगाई जा रही है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार फिलहाल 7 फरवरी तक दिल्ली एनसीआर में मौसम साफ बना रहेगा यानी बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है. मौसम विभाग ने यह भी साफ किया है कि इस दौरान किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है, यानी राजधानी और आसपास के इलाकों से बारिश की विदाई हो चुकी है.
बारिश की संभावना नहीं जताई गई
भले ही 7 फरवरी तक बारिश की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन बीते 24 घंटों से चल रही सर्द हवाओं के कारण लोगों को फिलहाल कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ रही है. सप्ताह की शुरुआत घने बादलों और सुबह के कोहरे के साथ हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय दृश्यता कम रहने की आशंका है.
तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के आसार
हालांकि इसके बावजूद दिन के समय हल्की धूप निकल सकती है. राहत की बात यह है कि अब धीरे-धीरे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे रात की ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
आने वाले दिनों में पूरे दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. यानी बीते दिनों जैसी तेज ठंड और कंपकंपी वाली रातों में अब धीरे-धीरे कमी देखने को मिलेगी.
मैदानी इलाकों में मौसम रहेगा शुष्क
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मध्य और ऊंचाई वाले पहाड़ी में 3 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानी और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा. 4 फरवरी से मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है. अब दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से बारिश की गतिविधियां लगभग खत्म हो जाएंगी, जबकि यूपी और मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश जारी रह सकती है. पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं.
ये भी पढ़ें- Budget 2026 : बजट में सिगरेट महंगी-बीड़ी सस्ती, ये है शराब का अपडेट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









