Uttar Pradesh

ग्रेटर नोएडा : ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे में 14 गाड़ियां आपस में टकराईं, 4 घायल

Road Accident : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सोमवार सुबह घने कोहरे की वजह से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर कई वाहन एक-दूसरे से टकरा गए. इस हादसे में कुछ गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे में आलू से लदे ट्रक भी शामिल थे, जिससे आलू सड़क पर फैल गए. दुर्घटना के बाद यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और जाम की स्थिति यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच गई.

यह हादसा उस समय हुआ जब पलवल से ग्रेटर नोएडा की ओर जा रहे वाहन ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर चल रहे थे. सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी और कुछ मीटर से आगे कुछ भी साफ नजर नहीं आ रहा था. इसी बीच आगे चल रहे एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहे वाहन एक के बाद एक आपस में टकरा गए. इस श्रृंखलाबद्ध दुर्घटना में कुल 14 वाहन शामिल हुए, जबकि 4 लोग घायल हो गए.

सड़क पर बिखरी सैकड़ों बोरियां

हादसे में शामिल कई ट्रक पर आलू लदे हुए थे. टक्कर की गति इतनी तेज थी कि कुछ ट्रक पलट गए और सैकड़ों बोरी आलू सड़क पर फैल गईं. इसके चलते हाईवे पर यातायात व्यवस्था और बिगड़ गई. कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई और यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा.

कोहरे में सावधानी बरतने की अपील

सूचना मिलते ही एसीपी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात की निगरानी की. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि घने कोहरे में विशेष सतर्कता बरतें, गति सीमित रखें, फॉग लाइट का उपयोग करें और आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें.

कोहरे में पुलिस अलर्ट सुरक्षा निर्देश जारी

वहीं, घने कोहरे के बीच आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नोएडा कमिश्नरेट पुलिस लगातार सड़कों पर तैनात रही. नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कोहरा बढ़ने के मद्देनजर दादरी कोतवाली क्षेत्र की कोट चौकी पुलिस एनएच-91 पर लगातार गश्त कर रही है. पुलिसकर्मी लाउडस्पीकर के माध्यम से वाहन चालकों को जरूरी सुरक्षा निर्देश दे रहे हैं और ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- नितिन नवीन बने बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष, बिहार सरकार में हैं मंत्री

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button