
Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘महारैली’ को संबोधित करते हुए संविधान, समानता और जातिगत जनगणना की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें सम्मान और समान अवसर दिए हैं, लेकिन देशवासियों की सही भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जातिगत जनगणना बेहद जरूरी है।
खरगे ने उत्तर प्रदेश के संभल में मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा समाज को बांटने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता हर मस्जिद में सर्वे कराकर सांप्रदायिक तनाव बढ़ा रहे हैं, जबकि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने खुद कहा था कि हर मस्जिद के नीचे शिवालय ढूंढना गलत है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि मोहन भागवत की सलाह पर भाजपा नेता अमल नहीं कर रहे हैं।
लोकतंत्र और संविधान
खड़गे ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा ताजमहल, कुतुब मीनार और चार मीनार जैसी ऐतिहासिक इमारतों को भी ध्वस्त करना चाहती है, क्योंकि उनका निर्माण मुसलमानों ने किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी एकता की बात करते हैं। खड़गे ने तंज कसा कि “काटने और बांटने वाले भी आप हैं।”
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल नैतिकता की बात करती है, लेकिन अनैतिक काम करती है। खड़गे ने ईवीएम में धांधली, चुने हुए विधायकों की खरीद-फरोख्त, पेंशन और किसानों की एमएसपी को छीनने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रही है।
खड़गे ने जोर देकर कहा कि आज देश का संविधान खतरे में है। धर्म और जाति के आधार पर घर गिराए जा रहे हैं, न्याय प्रक्रिया को दरकिनार किया जा रहा है, और लोगों की अभिव्यक्ति की आजादी खत्म की जा रही है। उन्होंने सभी विपक्षी दलों और नागरिकों से लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एकजुट होने की अपील की।
यह भी पढ़ें : Aaj Ka Rashifal: जानें आज का राशिफल, इन बातों का रखें खास ध्यान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप