
Ram Mandir: कांग्रेस द्वारा राम मंदिर का निमंत्रण ठुकराने पर भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। सुधांशु ने कांग्रेस को हिंदू विरोधी बताते हुए कई आरोप लगाए हैं।
‘गांधी और नेहरू की कांग्रेस में अंतर’
Ram Mandir: कांग्रेस द्वारा राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ के निमंत्रण को अस्वीकार करने पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी (Sudhanshu Trivedi) ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के पास इस बार मौका था कि वो (कांग्रेस) अपने आप को बदल कर दिखा सकते थे। लेकिन इन्होंने ऐसा नहीं किया। आज रामराज्य की प्राण प्रतिष्ठा का श्रीगणेश हो रहा है, लेकिन कांग्रेस उसके पक्ष में नहीं है। इसका मतलब साफ है कि गांधी की कांग्रेस और नेहरू की कांग्रेस में बहुत अंतर है। कांग्रेस निमंत्रण को अस्वीकार कर के हिंदू धर्म के प्रति विरोध को दर्शा रही है।”
‘कारसेवकों के हत्यारे आ रहे हैं लेकिन कांग्रेस नहीं’
कांग्रेस पर जुबानी हमला करते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि, ‘कारसेवकों पर गोली चलाने वालों को भी आमंत्रित किया गया है। इकबाल अंसारी आने के लिए तैयार हैं लेकिन कांग्रेस नहीं। चंद कट्टरपंथी विचारधारा वाले लोगों के वोटों की वजह से कांग्रेस ने यह फैसला लिया है।’
‘कांग्रेस को मांगनी चाहिए माफी’
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav) ने भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “निमंत्रण को अस्वीकार करना बड़े दुर्भाग्य की बात है। कांग्रेस ने पहले राम मंदिर में अड़ंगे लगाए, और अब प्राण प्रतिष्ठा समारोह का अपमान करके कांग्रेस देश के बहुसंख्यक आबादी की भावनाओं को ठेस पहुंचा रही है। कांग्रेस को इसके लिए जनता से माफी मांगना चाहिए।
ये भी पढ़ें: महुआ पर शिकंजा कसने की तैयारी में CBI, लोकसभा एथिक्स पैनल की मांगी रिपोर्ट