IPL 2023: सूर्या की चमक के आगे राशिद खान का ऑलराउंड प्रदर्शन फीका ?

Share

सूर्यकुमार यादव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ ताबड़तोड़ शतक जड़कर मुंबई को IPL 2023 के टॉप 3 में पहुंचा दिया। मुंबई 12 मुकाबलों में 7 जीत और 5 हार के बाद 14 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर पहुंच गई है।

अगर वह अगले 2 मुकाबले जीत लेती है, तो MI टॉप टू में फिनिश कर सकती है। मुंबई की इस पोजीशन के लिए सूर्यकुमार यादव को सारा क्रेडिट जाता है। वह पिछले 7 मुकाबलों में चार अर्धशतक और 1 शतक ठोक चुके हैं।

प्लेऑफ में पहुंचने का खेल

वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाने वाला मुकाबला अपने आप में बहुत बड़ा था। अगर मुंबई इंडियंस मैच हार जाती, तो प्लेऑफ में उसके पहुंचने की संभावना लगभग समाप्त हो जाती। ऐसे हालात में कप्तान रोहित शर्मा टॉस हार गए। वानखेड़े को रन चेज का स्वर्ग कहा जाता है क्योंकि यहां दूसरी पारी में ओस आती है। उसपर से मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी पूरे सीजन काफी लचर रही है।

ऐसे में अगर थोड़ा बहुत भी संघर्ष करना था, तो 210+ का स्कोर बनाना जरूरी था। कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन ने इसी इरादे के साथ ताबड़तोड़ शुरुआत की। पावरप्ले की समाप्ति के बाद MI ने बगैर नुकसान 61 रन बना लिए। पर पुरानी कहावत है कि आप अपने आगाज से नहीं, अंजाम से पहचाने जाते हैं।

सूर्यकुमार यादव के कंधों पर फिर एक दफा जिम्मेदारी

राशिद खान ने पावरप्ले के बाद अगले ही ओवर में रोहित शर्मा और ईशान किशन को चलता कर दिया। स्कोर 6.5 ओवर में 66 पर 2 आउट। लगातार दूसरे मुकाबले में मुंबई के दोनों सलामी बल्लेबाज एक ही ओवर में चलते बने। लास्ट मैच में ताबड़तोड़ 83 रन बनाकर मुंबई इंडियंस को जीत दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव के कंधों पर फिर एक दफा सारी जिम्मेदारी आ चुकी थी। गुजरात की गेंदबाजी पूरे टूर्नामेंट में शानदार रही थी और ऐसे में यह इतना आसान नहीं होने वाला था।

सूर्या ने 49 गेंदों में 210 की स्ट्राइक रेट के साथ 103* रन जड़ दिए। वानखेड़े स्टेडियम सूर्या के जयकारों से गूंज उठा। 11 चौकों और 6 छक्कों से सजी यह पारी IPL इतिहास की सर्वश्रेष्ठ पारियों में शुमार की जाएगी। सूर्यकुमार यादव ने अकेले दम पर मैच बदल दिया। एक तरफ राशिद खान ने सिर्फ 30 रन देकर 4 विकेट चटका लिए, इसके बावजूद सूर्यकुमार यादव की कातिलाना बल्लेबाजी के कारण मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 218 रन बना दिए।

गुजरात का टॉप ऑर्डर पूरी तरह बिखर

बड़े स्कोर के दबाव में गुजरात का टॉप ऑर्डर पूरी तरह बिखर गया। नतीजा 13.2 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 103 रन। यहां से राशिद खान ने जरूर 32 गेंद पर 3 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 79* रन ठोक दिए पर सबको मालूम था कि चाहे कुछ भी हो जाए मुंबई यह मैच हार नहीं सकती। हालांकि राशिद की पारी का मुंबई को नेट रन रेट के मामले में बड़ा नुकसान हुआ। अगर टारगेट 200 के आस-पास होता, तो गुजरात के बल्लेबाजों का एप्रोच अलग होता।

सोशल मीडिया पर आलोचन

मुंबई की पारी के अंतिम ओवरों में जिस तरह सूर्यकुमार यादव ने डेथ ओवर स्पेशलिस्ट मोहित शर्मा, मोहम्मद शमी और अल्जारी जोसेफ जैसे गेंदबाजों पर बड़े प्रहार किए, वह सचमुच काबिल-ए-तारीफ था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खराब वनडे सीरीज के बाद सूर्यकुमार यादव को शून्यकुमार यादव बुलाया जाने लगा था। सोशल मीडिया पर आलोचक सूर्या को लगातार संन्यास की सलाह दे रहे थे।

IPL 2023 में शानदार शुरूआत

IPL 2023 के पहले 5 मुकाबलों में सूर्या सिर्फ 67 रन ही बना सके थे। पर कहते हैं ना कि और फॉर्म इज टेंपरेरी, क्लास इज परमानेंट! सूर्या ने अगले 7 मुकाबलों में सिर्फ 204 गेंदों पर 413 रन ठोक दिए हैं। वह 12 मुकाबलों में 43 की एवरेज से 4 अर्धशतक और 1 शतक के साथ IPL 2023 में तीसरे सबसे ज्यादा 479 रन बना चुके हैं। सूर्या ने साबित कर दिया कि आज भी T-20 फॉर्मेट में उनसे बड़ा दुनिया में कोई बल्लेबाज नहीं है। उम्मीद है कि वह इसी तरह बल्ले का जोर दिखाएंगे। भारत को अपने दम पर वर्ल्ड कप जिताएंगे।