दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, तेज धूप के बाद बारिश और हवाओं से मिली गर्मी से राहत

दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, तेज धूप के बाद बारिश और हवाओं से मिली गर्मी से राहत
Weather Update : मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पूरा सप्ताह राहत भरा रहेगा। इस बीच तेज हवा चलेगी और हल्की बारिश होने का अनुमान है। इससे सोमवार तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली का मौसम शुक्रवार को यू-टर्न ले लिया। दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम को बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा भी चली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पूरा सप्ताह राहत भरा रहेगा। इस बीच तेज हवा चलेगी और हल्की बारिश होने का अनुमान है। इससे सोमवार तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
दूसरा सबसे गर्म दिन
बता दें कि इससे पहले दो साल बाद एक बार फिर इस सीजन का दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले इसी साल आठ अप्रैल को भी तापमान 41 डिग्री दर्ज हुआ था उस दिन लू भी चली थी। गर्मी बढ़ने का असर सड़कों पर दिखा। शुक्रवार को दिन में तेज धूप निकली और गर्म हवा ने खूब पसीना निकाला। तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद लू की स्थिति नहीं रही लेकिन सूरज ने दिनभर अपने तेवर कड़े ही रखे।
25.6 डिग्री सेल्सियस रहा
शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री अधिक 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते साल 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और साल 2023 में 18 अप्रैल को तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। बीते शुकवार को शाम होते-होते हल्के बादल छाने लगे। बादल छाने के साथ दिल्ली में तेज हवा चली। इस दौरान बारिश की फुहारों ने दिल्ली को भिगोया। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि 16 अप्रैल को पहाड़ों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ से मौसम ने करवट ली है। इससे दिनभर की झुलसाने वाली गर्मी से लोगों को राहत मिल सकी है। मौसम का यह मिजाज शनिवार को भी ऐसा ही बना रहेगा।
तेज आंधी चलने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के कुछ क्षेत्रो में हल्की बारिश व तेज आंधी चलने की संभावना है। 19 अप्रैल को हल्की बारिश व 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। इस कारण से 22 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री के बीच दर्ज होगा। अभी लू की कोई संभावना नहीं है। दो से तीन दिन की राहत के बाद तापमान अगले सप्ताह के अंत से फिर से उछाल मारेगा। सप्ताह के अंत में तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल की बेटी की शादी आज, सीएम भगवंत मान, मनीष सिसोदिया हुए शामिल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप