तेज आंधी और बारिश से यूपी बिहार व झारखंड में फसलों को नुकसान, कई राज्यों में बढ़ेगा तापमान

तेज आंधी और बारिश से यूपी बिहार व झारखंड में फसलों को नुकसान, कई राज्यों में बढ़ेगा तापमान
Weather Update : उत्तर प्रदेश बिहार और झारखंड में बीते 24 घंटे में बारिश और वज्रपात ने तबाही मचाई। पूर्वांचल में तेज आंधी और ओलावृष्टि से गेहूं और आम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। मीरजापुर में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बिजली के खंभे उखड़ने और जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने बिहार व झारखंड के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
आंधी और बारिश ने एक बार फिर किसानों की मुसीबत बढ़ा दी, उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में ऐसा ही हुआ है। प्रदेश में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
कई राज्यों में फसलों को नुकसान पहुंचा
मौसम विभाग के मुताबिक 14 और 15 अप्रैल को उत्तर प्रदेश बिहार झारखंड समेत कई राज्यों में वज्रपात होने के साथ ही 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं। साथ ही बारिश होने की भी संभावना है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी आंधी के साथ बारिश से उत्तर भारत के कई राज्यों में फसलों को नुकसान पहुंचा था।
कुछ जगहों पर ओले भी पड़े
उधर पश्चिमी विक्षोभ के असर से मिल रही राहत अब खत्म हो गई है। सोमवार से दिल्ली पंजाब हरियाणा और राजस्थान सहित उत्तर भारत के कुछ राज्यों में तापमान और गर्मी दोनों में वृद्धि होगी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी गोरखपुर प्रयागराज समेत पूर्वांचल के कई जिलों में रविवार सुबह तेज आंधी के बाद बारिश हुई। कुछ जगहों पर ओले भी पड़े हैं।
किसानों को भारी नुकसान हुआ
तेज हवा और बारिश से खेतों में तैयार गेहूं की फसल और आम के टूटने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं गेहूं के दाने काले होने की आशंका से किसान चिंतित हैं। आंधी से कई जगह बिजली के खंभे उखड़ गए जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। जलभराव से भी लोग परेशान रहे। मीरजापुर में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो गई। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें : आगरा में करणी सेना की रक्त स्वाभिमान रैली शुरू, शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप