Viral News : राजस्थान के सिरोही जिले के पालड़ी गांव से एक अजीब और खतरनाक मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में एक युवक ने ऐसा कदम उठाया, जिससे न केवल ईंधन की बर्बादी हुई बल्कि जान को भी खतरा पैदा हो गया.
जानकारी के अनुसार युवक अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में डीजल भरवाने पेट्रोल पंप पर गया. टंकी फुल होने के बाद उसने अचानक अपनी गाड़ी धोने का फैसला किया. लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उसने गाड़ी धोने के लिए पेट्रोल पंप के नोजल से डीजल निकाला. यह कदम न केवल खतरनाक था, बल्कि पूरी तरह बेवजह डीजल की बर्बादी भी थी.
युवक और कैमरामैन दोनों गिरफ्तार
युवक की यह हरकत कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा था कि युवक पूरी तरह निडर होकर ऐसा कर रहा था.
वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस तक पहुंचा. पालड़ी थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और पता लगाया कि युवक छिबा गांव का रहने वाला महिपाल सिंह है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और साथ ही वीडियो बनाने वाले कैमरामैन को भी हिरासत में लिया.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
साथ ही युवक की स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में इस तरह की खतरनाक हरकत करना गैरकानूनी है और इससे जान को गंभीर खतरा हो सकता है.
इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि थोड़ी लोकप्रियता पाने के लिए अपनी और दूसरों की सुरक्षा से खिलवाड़ करना बिल्कुल गलत है. समझदारी से काम लेना ही सबसे सुरक्षित और सही रास्ता है.
ये भी पढ़ें- NASA Moon Mission : नासा ने लॉन्च किया आर्टेमिस-2 मिशन, 53 साल बाद इंसानों को भेजा चंद्रमा के पास
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









