Delhi NCRमौसम

दिल्ली-NCR में तेज हवाओं से बदला मौसम, 15 फरवरी तक तापमान बढ़ने के आसार

Weather Update : दिल्ली-NCR में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली है. तेज रफ्तार हवाओं के कारण पूरे इलाके में मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है. दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर में करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को तेज ठंड और ठंडी हवाओं का असर महसूस हो रहा है.

यह मौसमीय स्थिति सोमवार से लगातार बनी हुई है और इसका असर खास तौर पर शाम और रात के समय ज्यादा महसूस किया जा रहा है. इस दौरान लोगों को अचानक ठंड बढ़ने का एहसास हो रहा है. हालांकि सुबह और दोपहर के समय तेज धूप निकलने के कारण इन हवाओं का असर कम महसूस होता है और दिन के वक्त मौसम काफी हद तक सामान्य बना हुआ है.

ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी किया

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 फरवरी तक के लिए ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. इसके मुताबिक आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान बढ़कर 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. साथ ही न्यूनतम तापमान में भी इजाफा होने की संभावना है और इसके करीब 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान जताया गया है.

हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना

आईएमडी ने बताया है कि अब केवल सुबह के समय ही हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है. रात के वक्त तापमान थोड़ा कम रहने के कारण ठंड का एहसास हो सकता है, लेकिन सुबह करीब 9 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक मौसम साफ बना रहने का अनुमान है. ऐसे में दिनभर की सामान्य गतिविधियों पर मौसम का कोई खास असर नहीं पड़ेगा.

अगले दो दिन शुष्क मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक देश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है. 9 से 11 फरवरी के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में एक बार फिर बर्फबारी हो सकती है, जबकि पहाड़ों से लगे कुछ राज्यों में हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं. गंगा के मैदानी इलाकों में उत्तर-पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलती रहेंगी, जिससे दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर में अगले सात दिनों तक मौसम के स्थिर बने रहने का अनुमान है.

ये भी पढ़ें- Chenab Dam : चिनाब डैम के लिए टेंडर जारी, बूंद-बूंद को तरसेगा Pak, सिंधु समझौता सस्पेंड

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button