
Bihar Governor in Bangra Village: सोमवार को बिहार के राज्यपाल डॉ. राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर सिवान जिला पहुंचे। यहां उन्होंने महाराजगंज प्रखंड में बलिदानियों के गांव बंगरा में देवशरण सिंह स्मारक समिति परिसर में शहीद सम्मान भवन का शिलान्यास किया। इस सम्मान भवन की लागत 99.98 लाख बताई गई है।
राज्यपाल आर्लेकर पहुंचे बंगरा गांव
समारोह में राज्यपाल ने कहा कि इस गांव में आकर मेरी आंखें नम हैं। शहीदों की वीर भूमि होने के कारण यह गांव अपने आप में बहुत धनवान है। इस गांव के 31 वीरों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। यहां की रज को मेरे माथे से लगाइए। मैं एक बार फिर आकर इस गांव के अमर बलिदानियों को नमन करना चाहूंगा।
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति की तारीफ
इस दौरान राज्यपाल बोले अब आप सब योगदान दीजिए, भारत को सोने की चिड़िया नहीं सोने का शेर बनाना है। उन्होंने कहा पीएम का सपना है कि भारत एक विकसित देश बने। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति बिहार के लिए भी अच्छी है। इससे बिहार का विकास हो रहा है।
‘भवन बन जाएगा तो राज्यपाल ही करेंगे उद्घाटन’
इस अवसर पर राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानी मुंशी सिंह के पैर छुए तो वहीं वीर बलिदानी रघुवीर सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने इस दौरान रघुवीर सिंह पुस्कालय का भी मुआयना किया। इस दौरान सांसद जनार्दन सिंह बोले यह वीर भूमि धन्य है। हम राज्यपाल के आभारी हैं कि इस कड़ाके की ठंड में भी वह गांव आए। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही शहीद सम्मान भवन बनकर तैयार होगा और इसका उद्घाटन माननीय राज्यपाल ही करेंगे।
यह भी पढ़ें: मशहूर शायर मुनव्वर राना का निधन उर्दू जगत की अपूरणीय क्षति- सीएम नीतीश
Follow us on: https://twitter.com/HindiKhabar