Advertisement

IPL 2023: इस कप्तान ने IPL प्लेऑफ में रचा इतिहास, जानें क्या है रिकॉर्ड?

Share
Advertisement

रोहित शर्मा की कप्तानी में लखनऊ सुपरजायंट्स को एलिमिनेटर में 81 रनों से कूटकर मुंबई इंडियंस क्वालीफायर टू खेलने अहमदाबाद रवाना हो गई है। लास्ट ईयर IPL में सबसे लास्ट 10वें पायदान पर फिनिश करने वाली मुंबई इस साल टॉप 3 टीमों में स्थान बना चुकी है।

Advertisement

अगर क्वालीफायर 2 में गुजरात को हरा देगी, तो फाइनल भी खेल लेगी। इस बदलाव का जितना श्रेय खिलाड़ियों को जाता है, उससे कहीं ज्यादा क्रेडिट कप्तान रोहित शर्मा को दिया जाना चाहिए। MI की गेंदबाजी इस सीजन सबसे ज्यादा कमजोर नजर आ रही थी।

मुंबई की इस बार गेंदबाजी कमजोर कड़ी

जसप्रीत बुमराह और रिचर्ड्सन के बगैर उतरी मुंबई के लिए जोफ्रा आर्चर भी सिर्फ 5 मैच खेल सके। स्थिति ऐसी हो गई कि पंजाब किंग्स जैसी टीम भी मुंबई इंडियंस के खिलाफ आसानी से 200 रन बना दे रही थी। MI के पास सूर्यकुमार यादव और कैमरन ग्रीन जैसे बल्लेबाज थे, जो बड़ा टारगेट चेज कर रहे थे। पर प्लेऑफ जीतने के लिए सिर्फ बल्लेबाजी काफी नहीं थी।

रोहित शर्मा हमेशा से उपलब्ध खिलाड़ियों को ही काबिल बना देने में यकीन रखते हैं। उन्होंने कहा है कि आज से 2 साल के बाद तिलक वर्मा, निहाल वढ़ेरा और आकाश मधवाल मुंबई इंडियंस और टीम इंडिया की अहम कड़ी बनेंगे। ये भी वही सब हासिल करेंगे। जो जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव ने प्राप्त किया।

आकाश मधवाल ने रोहित शर्मा के लिए कही ये बातें

एलिनिमेटर में 3.3 ओवर में 5 रन देकर 5 विकेट चटकाने के बाद आकाश मधवाल ने कहा कि रोहित भैया ने मुझे हमेशा कॉन्फिडेंस और स्ट्रेंथ दिया। उन्होंने मुकाबलों में मुझे सटीक परिस्थिति में गेंदबाजी थमाई। रोहित भैया को पता है कि यॉर्कर्स मेरी मजबूती हैं। इसलिए वह पावरप्ले के बाद डेथ ओवरों में मुझे गेंदबाजी का जिम्मा सौंपते हैं।

आकाश मधवाल ने कहा कि रोहित शर्मा के पास किसी भी वक्त पहुंचा जा सकता है। वह युवा खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हैं और उन्हें बेहतर गेंदबाजी के लिए प्रोत्साहित करते हैं। हिटमैन प्रोसेस में यकीन करते हैं। उनका मानना है कि यदि प्रोसेस सही होगा, तो रिजल्ट अपने आप उम्मीदों के अनुरूप आ जाएगा। IPL में कप्तानी के दौरान हिटमैन ने जो हासिल कर लिया है, उसके आसपास दूसरा कोई कप्तान नजर नहीं आता।

बतौर कप्तान रोहित की पैनी निगाह का एक उदाहरण देखिए। उत्तराखंड को BCCI के द्वारा 2018 में मान्यता प्रदान की गई। इससे पहले आकाश मधवाल देशभर में टेनिस बॉल क्रिकेट खेला करते थे। 2019 में उन्होंने बतौर नेट बॉलर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जॉइन किया।

दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि उस दौरान RCB मैनेजमेंट ने आकाश मधवाल की प्रतिमा पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद वह MI के बल्लेबाजों के लिए नेट्स पर गेंदबाजी करने लगे। 2022 में रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने उन्हें सूर्यकुमार यादव की चोट के बाद टीम में शामिल किया और IPL 2023 में डेब्यू करने का मौका दिया।

युवा प्रतिभाओं को अवसर देना मुंबई की खूबी

युवा प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें अवसर देना हिटमैन की खूबी है। रोहित को यकीन था कि आकाश मुंबई को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। 2017 IPL में क्वालीफायर 2 से लेकर अबतक रोहित की कप्तानी में मुंबई ने 7 प्लेऑफ मुकाबले खेले हैं और सभी में जीत हासिल की है।

मुंबई इंडियंस ने करिश्मा कर दिखाया

IPL 2023 की ही बात करें, तो मुंबई इंडियंस 30 अप्रैल को 7 मुकाबलों में 3 जीत और 4 हार के साथ पॉइंट्स टेबल में नवें पायदान पर थी। यहां से अधिकतर टीमें क्वालीफाई करने की उम्मीदें छोड़ देती हैं, लेकिन हिटमैन की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने करिश्मा कर दिखाया।

एलिमिनेटर में भी 2 विकेट के नुकसान पर 69 रन बनाकर लखनऊ आसानी से 182 के टारगेट के तरफ बढ़ रही थी। यहां से रोहित शर्मा की सटीक रणनीति का ही नतीजा रहा कि सिर्फ 32 रन जोड़कर LSG ने बाकी बचे 8 विकेट खो दिए। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने 14 प्लेऑफ मुकाबले खेले हैं, जिनमें उसे 11 में जीत मिली है।

ऐसा रिकॉर्ड किसी कप्तान का IPL प्लेऑफ में नहीं है। रोहित शर्मा का खुद का फॉर्म जरूर उतना बेहतर नहीं रहा, लेकिन बतौर कप्तान हिटमैन लगातार अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुंबई इंडियंस के करोड़ों चाहने वालों के चेहरों पर मुस्कान ला रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *