Advertisement

धोनी का 250वां मैच, गिल का तीसरा फाइनल, जानें फाइनल जंग की खास बातें

Share
Advertisement

बीते कुछ घंटों का लब्बोलुआब यही बता रहा है कि फाइनल में आखिरी बार क्रिकेट के मैदान पर माही का दीदार होगा। 250वां IPL मैच खेलकर धोनी अलविदा कह देंगे।

Advertisement

यह बात सोचना अपने आप में डरावना है। बगैर माही IPL की कल्पना भी बेमानी है। बारिश को भी धोनी की यह बात पसंद नहीं आई। वह भी फाइनल वाले दिन टूटकर बरसी। इस कारण फाइनल मैच अगले दिन के लिए शिफ्ट करना पड़ा। देर रात 11 बजे बारिश रुकी, लेकिन मैदान को खेलने योग्य बनाने में कम से कम 1 घंटे लगते। उसके बाद अगर मैच होता तो सिर्फ 5-5 ओवर का ही हो पाता।

अंपायरों ने दोनों टीमों के कोच और कप्तान से बात कर कल मैच को टाल दिया। अब यह रिजर्व डे पर सोमवार को 7:30 बजे से ही खेला जाएगा। आज यानी 29 मई को भी धुआंधार बारिश की संभावना है। अगर ओवर घटाते-घटाते कम से कम सुपर ओवर भी नहीं हो सका, तो लीग स्टेज में नंबर वन रहने के कारण गुजरात टाइटंस को खिताब दे दिया जाएगा।

महेंद्र सिंह धोनी और 5वें IPL

अगर इंद्र देवता मेहरबान हुए, तो महेंद्र सिंह धोनी और 5वें IPL खिताब के बीच शुभमन गिल खड़े नजर आएंगे। इस 23 साल के लड़के ने मानो बल्ले से तूफान उठा रखा है। इस सीजन 16 IPL मुकाबलों में 156.43 की स्ट्राइक रेट और 60.79 की औसत से 851 रन। 4 अर्धशतक और 3 शतक। 2021 में KKR की तरफ से खेलते हुए फाइनल में हार का मुंह देखने वाले शुभमन 2022 में GT के साथ खिताबी जीत का स्वाद चख चुके हैं।

यह शुभमन गिल का लगातार तीसरा IPL फाइनल है। शुभमन गिल IPL सीजन में किंग कोहली के सर्वाधिक 974 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने से 123 रन दूर खड़े हैं। फाइनल में शतक जड़कर गिल यह कारनामा कर सकते हैं। क्वालीफायर वन में भी दोनों टीमों की टक्कर हुई थी।

गुजरात के सामने चेन्नई ने जीत के लिए 173 रनों का लक्ष्य रखा था और शुभमन अकेले ही टीम को मंजिल तक लिए जा रहे थे। GT का स्कोर 13 ओवर में 88 पर 4 था और उसे जीत के लिए 42 गेंद पर 85 रनों की दरकार थी।

दोनों छोर से लगातार स्पिनर्स के वार के बीच माही ने गेंद अचानक दीपक चाहर को थमा दी। 14वें ओवर की पहली गेंद शरीर पर धीमी बाउंसर। शुभमन गिल पुल शॉट को कंट्रोल नहीं कर पाए और फाइन लेग बाउंड्री पर डेवॉन कॉन्वे ने शानदार कैच पकड़ लिया।

स्पिनर्स के लिए मददगार विकेट पर शुभमन अच्छा खेल रहे थे। पर धोनी ने अचानक तेज गेंदबाज लाकर उन्हें चौंका दिया। माही की कुशल रणनीति के कारण 38 गेंद पर 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से 42 रन बनाकर शुभमन गिल आउट हो गए। यह कैच नहीं बल्कि मैच था।

गुजरात के बल्लेबाजों की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए तय था कि अगर शुभमन रहते, तो अंतिम में गेम खत्म करके जाते। चेन्नई सुपर किंग्स के समर्थक फाइनल में भी धोनी से कुछ ऐसे ही आउट ऑफ द बॉक्स करने की उम्मीद कर रहे हैं। पर हकीकत यह भी है कि इस मैच के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ शुभमन ने 60 गेंद पर ताबड़तोड़ 129 रन बनाए थे। 215 की तूफानी स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए 7 चौके और 10 छक्के लगाए थे। अकेले के दम पर GT को फाइनल में लाए थे।

हार्दिक पंड्या का रिकॉर्ड बताता है कि वह बतौर खिलाड़ी और बतौर कप्तान कभी IPL फाइनल नहीं हारे हैं। 2015, 2017, 2019 और 2020 में MI के साथ ट्रॉफी जीतने वाले हार्दिक 2022 में GT को कप्तान के तौर पर चैंपियन बना चुके हैं। वहीं, माही के नेतृत्व में CSK 2010, 2011, 2018 और 2021 में IPL खिताब अपने नाम कर चुकी है।

10वीं बार चेन्नई फाइनल में पहुंची

माही की कप्तानी में 14 सीजन खेलते हुए रिकॉर्ड 10वीं बार चेन्नई फाइनल में पहुंची है। यह माही का 11वां IPL फाइनल है। एक सीजन धोनी पुणे सुपरजायंट्स के साथ भी फाइनल में आए थे। IPL 2023 में टॉप 3 विकेट टेकर गेंदबाज गुजरात के हैं। मोहम्मद शमी ने 28 विकेट चटकाए हैं। राशिद खान ने 27 शिकार किए हैं और CSK के पूर्व योद्धा मोहित शर्मा ने 24 खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया है।

टॉप 5 टॉप विकेट चटकाने वालों की सूची में CSK से कोई नहीं है। तुषार देशपांडे 15 मुकाबलों में 21 सफलता के साथ सर्वाधिक विकेट हासिल करने के मामले में छठे स्थान पर मौजूद हैं।

सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में डेवॉन कॉन्वे 15 मुकाबलों की 14 पारियों में 625 रनों के साथ चौथे पायदान पर हैं। 14 पारियों में 564 रनों के साथ ऋतुराज गायकवाड़ भी 7वें स्थान पर मौजूद हैं। शिवम दुबे इस टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा 33 छक्के लगा चुके हैं। पर उनका बल्ला सेकंड हाफ में हल्ला नहीं मचा पा रहा। कुल मिलाकर मामला अलग-अलग बल्लेबाजों और गेंदबाजों की बजाय कप्तानों के बीच तय होगा।

माही की रणनीतियों से भलीभांति वाकिफ

हार्दिक पंड्या महेंद्र सिंह धोनी के पुराने शागिर्द रहे हैं और माही की रणनीतियों से भलीभांति वाकिफ हैं। पर कहावत पुरानी है कि हर गुरु अपने चेले से कोई एक ब्रह्मास्त्र छुपा लेता है। क्या माही फाइनल में वही ब्रह्मास्त्र चलेंगे? अगर गुजरात टाइटंस जीत जाती है, तो वह मुंबई इंडियंस के बाद बैक टू बैक चैंपियन बनने वाली दूसरी टीम बन जाएगी।

अगर चेन्नई सुपर किंग्स खिताबी बाजी मार लेती है, तो थाला रोहित शर्मा के बराबर 5 आईपीएल जीतने वाले कप्तान बन जाएंगे। उम्मीद है कि थाला करोड़ों फैंस का दिल नहीं दुखाएंगे। 2024 में भी IPL खेलते नजर आएंगे। 203 IPL मैचों में 4329 रन बना चुके अंबाती रायडू फाइनल में अंतिम बार मैदान पर उतरेंगे। CSK उनको यादगार विदाई देना चाहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *