Uttar Pradesh

राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों की टक्कर के बाद UP Police की बड़ी कार्रवाई, जांच के लिए SIT गठित

UP News : कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों के आपस में टकराने के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने जांच तेज कर दी है. डीजीपी के निर्देश पर दुर्घटना की पड़ताल के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है. लखनऊ रेंज की आईजी किरण एस. को जांच दल की जिम्मेदारी सौंपी गई है. डीजीपी ने एसआईटी को जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं.

गठित एसआईटी में आईजी किरण एस. के साथ एएसपी बृज नारायण सिंह और सीओ ट्रैफिक रामकृष्ण चतुर्वेदी को सदस्य बनाया गया है. जांच दल दुर्घटना के कारणों, घटनाक्रम और संभावित लापरवाही के सभी पहलुओं की पड़ताल करेगा. इसके साथ ही राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था, एस्कॉर्ट वाहनों की तैनाती और ट्रैफिक प्रबंधन में किसी तरह की चूक हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी.

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि काफिले में शामिल वाहनों के टकराने की वजह क्या थी और सुरक्षा व्यवस्था में निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नही. जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है.

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टकराई थीं गाड़ियां

जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी मानहानि मामले में अदालत में पेश होने के लिए लखनऊ से सुल्तानपुर जा रहे थे. जब उनका काफिला हलियापुर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पहुंचा, तभी सुरक्षाकर्मियों की चार-पांच गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं.

हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, किसी को गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं थी. दुर्घटना के बावजूद राहुल गांधी सुरक्षित रहे और काफिले के अन्य वाहनों के साथ सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए.

सुरक्षा में चूक के पहलू की भी होगी जांच

आपको बता दें कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राहुल गांधी को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल प्राप्त है. ऐसे में काफिले की गाड़ियों के टकराने की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है. डीजीपी ने खुद जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके.

हालांकि, इस मामले में राहुल गांधी या कांग्रेस की ओर से कोई शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है. अब एसआईटी की जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और क्या सुरक्षा या ट्रैफिक व्यवस्था में कोई चूक हुई थी.

ये भी पढ़ें – उत्तराखंड में आज बदलेगा मौसम, 5 पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button