
Lalu Yadav Health: राष्ट्रीय जनता दल(राजद) सुप्रीमो लालू यादव की हालत अब धीरे-धीरे सही हो रही है। बीते गुरुवार को उनकी तबीयत काफी स्थिर हो गई थी, जिसके चलते सभी लोग उनके सही होने की कामना कर रहे थे, लेकिन आज यानि शुक्रवार को वे अस्पताल के वार्ड में बैठे नजर आए। उनकी बड़ी बेटी और राज्यसभा सदस्य मीसा भारती ने दिल्ली एम्स की उनकी ताजा तस्वीरें फेसबुक पर साझा की हैं। मीसा ने बताया है कि लालू की तबीयत तेजी से सुधर रही है। उनके स्वास्थय को लेकर किसी भ्रामक सूचना से बचने की जरूरत है।

लालू यादव की तबीयत में तेजी से सुधार
आपको बता दें कि एक दिन पहले लालू यादव (Lalu Yadav Health) की हालत काफी नाजुक बनी हुई थी। उन्हें देर रात दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, बुधवार रात उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया। दरअसल, दो दिन पहले लालू यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी के आवास पर सीढ़ियों से गिर गए थे, जिससे उनके शरीर में तीन जगह फैक्चर हुआ है। वह पहले से ही कई बीमारियों से जूझ रहे थे।

बेटी मीसा भारती ने शेयर की तस्वीरें
इससे पहले लालू यादव (Lalu Yadav Health) की पत्नी राबड़ी देवी ने लोगों से भावुक अपील की थी। उन्होंने लालू यादव के चाहने वालों से कहा था कि वे लोग परेशान न हों, चिंता की कोई बात नहीं है। राजद अध्यक्ष ठीक हो रहे हैं। आप सभी उनके लिए दुआ कीजिए कि वे जल्द ही हम सभी के बीच हों।
बताया जा रहा है कि पहले से ही डायबिटीज, किडनी व दिल की गंभीर बीमारी से पीडि़त लालू यादव के दायें कंधे की हड्डी के अलावा पेल्विक व फीमर (जांघ की हड्डी) में भी हल्का फ्रैक्चर है। पसली में भी चोट लगी थी। इसके अलावा उन्हें अभी बुखार है। इस वजह से उन्हें जरूरी दवाएं व एंटीबायोटिक भी दी जा रही हैं।