Jharkhand

झारखण्ड को 22 साल हुए पूरे, CM हेमंत सोरेन करेंगे कई योजनाओं का शिलान्यास

आज झारखंड का 22 वां स्थापना दिवस है।(Jharkhand Foundation Day) साथ ही धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। आज ही के दिन झारखंड का साल 2000 में गठन हुआ था।

इस बड़े अवसर पर आज सीएम सोरेन(CM Hemant Soren) रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा जिसमें वो कई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी 4 बड़ी योजनाओं की भी शुरूआत करेंगे साथ ही जनता के लिए भी सीएम सोरेन आज कई सौगात की बरसात करेंगे।

झारखंड स्थापना दिवस पर 248.42 करोड़ रुपये की लागत से बने 40 उत्कृष्ट विद्यालय भवन का उदघाटन किया जायेगा। इसके अलावा छह बालिका छात्रावास, नौ प्लस टू स्कूल, छह झारखंड बालिका विद्यालय, दो नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय व छह छात्रावास, सात मॉडल स्कूल और एक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय भवन का उदघाटन किया जायेगा।

इसके अलावा रांची विश्वविद्यालय कैंपस में 5000 क्षमता वाले पुस्तकालय बनने की शुरुआत होगी साथ ही 40 उत्कृष्ट विद्यालय भवन का उद्घाटन होगा, वहीं, शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में संस्कृत स्कूल की आधारशिला रखी जाएगी। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर राज्य सरकार युवाओं को ध्यान में रखते हुए कई योजनाओं की शुरुआत भी करेगी जिसके तहत सीएम सारथी योजना, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना और एकलव्य स्किल स्कीम का शुभारंभ होगा।

वहीं इस मौके पर इंडस्ट्रियल पार्क एंड लॉजिस्टिक पॉलिसी 2022, इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी 2022 और झारखंड एथेनॉल प्रोडक्शन प्रमोशन पॉलिसी 2022 को भी लांच किया जाएगा। मोरहाबादी मैदान में दोपहर बाद करीब 3 बजे से शुरू होने वाले इस स्थापना दिवस समारोह के दौरान राज्य सरकार द्वारा लगभग 5000 करोड़ रुपए से ज्यादा की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होगा।

वहीं, लाभुकों के बीच 2000 करोड़ रुपए से ज्यादा की परिसंपत्ति का वितरण किया जाएगा। समारोह में नव-चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान झारखंड की कला संस्कृति, गीत संगीत और नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। रांची के कोकर डिस्टलरी पुल पर बने सब्जी मार्केट का भी उद्घाटन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button