Jharkhandबड़ी ख़बर

सीएम सोरेन का तोहफा, झारखंड की 56 लाख महिलाओं के खाते में ट्रांसफर किए 1415.44 करोड़ रुपए

Jharkhand : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपना चुनावी वादा पूरा करते हुए राज्य की 56 लाख से ज्यादा महिलाओं के खाते में मंईयां सम्मान योजना की राशि ट्रांसफर कर दी है। झारखंड सीएम के एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर बताया गया कि 56 लाख 61 हजार 791 माता-बहनों के बैंक खातों में 1415.44 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। नामकुम के खोजाटोली स्थित आर्मी ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम ने प्रदेश की महिलाओं को ये सौगात दी है। महिला लाभार्थियों के खाते में दिसंबर माह के 2.5 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जो कहा सो किया, अपना वादा पूरा किया। महिलाओं के जरिए झारखंड की अर्थव्यवस्था का पहिया घूमाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार ने आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की परिकल्पना को मजबूती के साथ धरातल पर उतारा है। पूरे देश में इसकी चर्चा हो रही है। महिलाओं को आगे ले जाने में यह योजना निर्णायक साबित होगी।

पैसे का महत्व महिलाओं से बेहतर कोई नहीं समझता

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि महिलाएं घर-परिवार चलाती हैं और कामकाज भी करती हैं। ऐसे में पैसे का महत्व उनसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता है। यही वजह है कि सरकार घर-परिवार चलानेवाली महिलाओं पर राज्य को आगे ले जाने का जिम्मा भी सौंप रही है। अब महिलाओं के जरिए राज्य की अर्थव्यवस्था का पहिया घूमाने का प्रयास हो रहा है क्योंकि इस राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करने में आधी आबादी की अहम भूमिका होगी।

https://twitter.com/HemantSorenJMM/status/1876240126172369140

पहले की सरकारों ने महिला सशक्तीकरण के लिए ठोस कदम नहीं उठाया

उन्होंने कहा कि देश और राज्य के सर्वांगीण विकास की परिकल्पना तब तक साकार नहीं हो सकती, जब तक महिला और पुरुष एक साथ कंधे से कंधा मिलाकर न चलें। हम लोगों ने इसी को ध्यान में रखकर महिलाओं को आगे लाने के लिए यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने महिला सशक्तीकरण की बातें तो बहुत की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

सीएम सोरेन ने कहा, हमने जब महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की राशि देने की शुरुआत की, तब हमारा मजाक उड़ाया गया। जब हमने यह राशि ढाई हजार रुपए करने का वादा किया, तो विपक्षियों ने इसे लेकर भी दुष्प्रचार किया। उन्होंने सवाल उठाया कि इतना पैसा सरकार कहां से लाएगी? आज हमने उन्हें जवाब दे दिया है।

हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर साधा निशाना

हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हम उनकी तरह नहीं, जो अपने किए वादे से मुकर जाएं या झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करें। उन्होंने महिलाओं से राज्य के विकास में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि आपकी छोटी-छोटी बचत से बच्चों का भविष्य बेहतर होगा। ‘मईयां सम्मान’ की राशि का उपयोग महिलाएं खुद और अपने बच्चों का कुपोषण दूर करने के लिए कर सकती हैं।

इस समारोह में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, मंत्री सुदिव्य कुमार, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद जोबा मांझी, राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाएं उपस्थित थीं।

यह भी पढ़ें : बीजेपी विधायक ने जताई अपनी हत्या की आशंका, अखिलेश यादव ने कसा तंज, कही ये बात

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button