राष्ट्रीय

गोवा नाइट क्लब हादसा : आग में फंसे दिखे लोग, मालिकों की तलाश में लुकआउट सर्कुलर जारी

Goa Nightclub Accident : गोवा के उत्तरी इलाके में नाइट क्लब में आग का नया वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग आग में फंसे हुए दिखाई दे रहे हैं. घटना के बाद क्लब के मालिकों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है. पुलिस को आशंका है कि मालिक विदेश भाग सकते हैं, इसलिए यह कदम उठाया गया.

क्लब के मालिक सौरभ लूथरा को पकड़ने के लिए गोवा पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं. सौरभ लूथरा के दिल्ली में भी कुछ रेस्टोरेंट्स हैं, लेकिन फिलहाल उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पाया है. उनका फोन भी बन्द है. पुलिस इसके कुछ जानकारों के संपर्क में है और उन्हें जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं.

बिर्च हादसे पर क्लब ने जताया शोक

इस हादसे पर पहली बार क्लब प्रबंधन की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आई है. क्लब ने अपने बयान में कहा है कि “मैनेजमेंट बिर्च में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कई लोगों के असमय निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है और इस त्रासदी से अत्यंत व्यथित है. इस कठिन समय में प्रबंधन मृतकों के परिवार और घायलों के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता, सहयोग और समर्थन प्रदान करेगा.”

गोवा क्लब हादसे में अधिकारी सस्पेंड

गोवा सरकार के विजिलेंस विभाग ने फिशरीज डायरेक्टर और गोवा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की तत्कालीन मेंबर सेक्रेटरी डॉ. शमिला मोंटेइरो को तुरंत सस्पेंड कर दिया है. उनके साथ अरपोरा-नागोआ के तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव रघुवीर डी. बागकर और अपर निदेशक पंचायत के तत्कालीन निदेशक सिद्धि तुषार हरलंकर को भी निलंबित किया गया है. वहीं, गोवा पुलिस ने दिल्ली पुलिस की मदद से भोला नाम के व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जो क्लब मालिकों के संपर्क में बताया जा रहा है. भोला और क्लब मालिकों के संबंधों की जांच जारी है.

हॉल में मौजूद लोगों को देर से हुआ पता

गोवा के बिर्च क्लब में न तो फायर सेफ्टी अलार्म था और न ही फायर एक्सटिंग्विशर, जिससे शुरुआती समय में आग पर काबू पाया जा सकता. आग लगने पर कोई अनाउंसमेंट भी नहीं की गई. आसपास के अन्य सिटिंग हॉल में मौजूद लोगों को आग का पता देर से चला, तब तक आग की लपटें तेजी से बढ़ चुकी थीं.

यह भी पढ़ें “सरकार का जुमला और लोकतंत्र पर हमला” कहते हुए पल्लवी पटेल ने SIR फॉर्म भरने से किया इनकार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button