
Mumbai New Mayor : मुंबई नगर निगम चुनाव में मेयर और डिप्टी मेयर के नाम तय हो चुके हैं, अब बस औपचारिकताएं ही बाकी हैं. मेयर के रूप में बीजेपी की उम्मीदवार रीतू तावड़े चुनी गई हैं और वह जल्द ही नामांकन करेंगी. इसी बीच बीएमसी में बीजेपी के पार्षद भी पहुंच रहें हैं. पहली बार बीजेपी का मेयर बनने जा रहा है, इसलिए पार्टी के कार्यलय में 10 पंडितों को बुलाकर वेद मंत्रों का उच्चारण और शंखनाद किया गया.
बीजेपी की ओर से रीतू तावड़े महापौर पद के लिए जल्द ही नामांकन भरेंगी. जबकि, डिप्टी मेयर पद के लिए शिवसेना की तरफ से संजय घाड़ी नामांकन भरेंगे. उनका उप महापौर का पद सवा वर्ष के लिए रहेगा.
बीएमसी की शिक्षा समिति की पूर्व अध्यक्ष रहीं
बता दें कि रीतु तावड़े घाटकोपर से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं. रीतु पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं. अभी वह महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं, उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और नागरिक मुद्दों को सही से सुलझाने के लिए जाना जाता है. मराठा समुदाय से होने के बावजूद, उन्होंने गुजराती बहुल वार्ड में अपनी अच्छी पकड़ बनाई है, उन्होंने 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था. इसके बाद से पार्टी में लगातार उनका कद बढ़ता गया.
महायुति गठबंधन को बहुमत मिला
बीएमसी चुनाव 15 जनवरी 2026 को हुए थे, जिसमें बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के महायुति गठबंधन को बहुमत मिला. बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर लगभग 89 सीटें जीत गई, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) को 29 सीटें मिलीं. कुल मिलाकर महायुति के पास 118 से अधिक सीटें हैं, जबकि 227 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए 114 सीटें जरूरी हैं.
बीएमसी में आखिरी बार मेयर 2017 में चुना गया था. उसके बाद से यह पद खाली था और पिछले चार साल से यहां प्रशासक शासन था. इस बार मेयर पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित था, और लॉटरी में रीतू तावड़े का नाम चुना गया.
ये भी पढ़ें – फिर बढ़ाई गई SIR में दावे-आपत्तियों की तारीख, जानें अब कब तक कर सकेंगे आवेदन?
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









